दालमंडी चौड़ीकरण - 151 भवन स्वामियों को नोटिस, 1.78 करोड़ बकाया

दालमंडी चौड़ीकरण - 151 भवन स्वामियों को नोटिस, 1.78 करोड़ बकाया
वाराणसी - दालमंडी चौड़ीकरण योजना के तहत तोड़फोड़ धुरु हो चुकी है. एक तरफ राजस्व की टीम फीता लेकर नापजोख में जुटी है तो वहीं नगर निगम ने चौड़ीकरण के दायरे में आ रहे बकायेदार 151 भवन स्वामियों को डिमांड ऑफ नोटिस जारी कर चस्पा किया. इन भवनों पर गृहकर, सीवरकर और जलकर का 1.78 करोड़ रुपये बकाया है. निर्धारित समय पर कर न चुकाने पर संबंधित संपत्तियों पर कुर्की की कार्रवाई की जाएगी. नोटिस को लेकर भवन स्वामियों में हड़कंप मचा हुआ है.
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने मिर्जा अच्छू कटरा में एक भवन की नाप-जोख की. इस पर लाल निशान लगाए. इसके साथ ही क्षेत्र में मुनादी कराई गई कि जिन भवनों को चिह्नित किया गया है, उनके मालिक चौक थाना परिसर में लगाए गए कैंप में जाकर रजिस्ट्री करवा लें. अगर वे ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी. दालमंडी के अंदर अवैध तरीके से बने व्यावसायिक भवन और कटरे जिनका नक्शा पास नहीं है. उन्हें चिह्नित किया जा रहा है. जिन्हें नोटस दिया जाएगा. अधिकारियों ने बताया कि यहां पर अधिक से अधिक भवनों की रजिस्ट्री कराने के लिए लोगों ने दस्तावेज जमा किए हैं. जिनकी जांच चल रही है.

ALSO READ: मंडलीय अस्पताल में अब एआई आधारित मशीनों से होगा इलाज, मरीजों को होगा बड़ा फायदा
12 भवनों का नक्शा पास नहीं
दालमंडी चौड़ीकरण के लिए वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) ने कार्रवाई तेज कर दी है. शुक्रवार को वीडीए उन 12 भवनों की पहचान की, जिनकी पुरानी फाइलें तो मौजूद थीं लेकिन नक्शे पास नहीं थे. जोनल अधिकारी सौरभ कुमार ने बताया कि इन भवनों के स्वामियों को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर भवन खाली करने का निर्देश दिया गया है.
जोनल आधिकारी ने बताया कि जो भी अवैध निर्माण होता है उसपर मुआवजा नहीं दिया जाता. बिना नक्शे के बने 12 भवनों को नोटिस दी गई है और तीन दिन के अंदर खाली करने का समय दिया गया है. अगर तय समय में भवनों को खाली नहीं किया जाता तो विभाग विधिक कार्रवाई करेगी. वहीं, दूसरी तरफ दालमंडी चौड़ीकरण को लेकर चल रही कार्रवाई के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज के मद्देनजर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा.



