काशी सांसद प्रतियोगिता-2026 की तैयारियां तेज, समन्वय बैठक में तय हुई जिम्मेदारियां...
वाराणसी : काशी सांसद प्रतियोगिता-2026 के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को सर्किट हाउस में समन्वय बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन, तिथियों, प्रशासनिक तैयारियों और संगठनात्मक जिम्मेदारियों को अंतिम रूप दिया गया . साथ ही आयोजन को अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और जनभागीदारी आधारित बनाने की रणनीति पर चर्चा हुई .बैठक में भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने कहा कि काशी की प्रतिभाओं को खेल, कला, संस्कृति, शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष प्रतियोगिताओं का दायरा और बढ़ाया गया है . महापौर अशोक तिवारी ने नगर निगम की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया . गुजरात के पूर्व विधायक जगदीश पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने भी आयोजन की तैयारियों और समन्वय पर अपने विचार रखे .बैठक में बताया गया कि स्केचिंग, पेंटिंग एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि 14 अगस्त है . अब तक हजारों प्रतिभागी पंजीकरण करा चुके हैं .ऑनलाइन चरण 3 से 14 अगस्त तक चलेगा, जबकि चयनित प्रतिभागियों का फाइनल 19 और 20 अगस्त को सिगरा स्टेडियम में होगा .इसके अलावा अगस्त से दिसंबर तक काशी सांसद ज्ञान प्रतियोगिता (क्विज), सांस्कृतिक महोत्सव, खेलकूद प्रतियोगिता, बाल कवि सम्मेलन, पहली बार आयोजित होने वाली युवा संसद, रोजगार मेला और नई काशी सांसद संस्कृत प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी . संस्कृत प्रतियोगिता में शास्त्रार्थ, आशुभाषण, श्लोक एवं मंत्रोच्चारण तथा गीता, रामचरितमानस और संस्कृत व्याकरण आधारित प्रश्नोत्तरी शामिल होगी .ALSO READ:नाबालिग लड़की का पॉर्न वीडियो बनाकर इंटरनेट पर वायरल करने के दोषी को उम्रकैद की सजा...बैठक में आयोजन के सफल संचालन के लिए भाजपा महानगर और जिला स्तर पर संयोजकों एवं सह-संयोजकों की घोषणा भी की गई . विभिन्न जोन और ब्लॉकों के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई . अंत में आयोजन समिति ने जनप्रतिनिधियों, शिक्षण संस्थानों, कार्यकर्ताओं और काशीवासियों से प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की .