देव दीपावली - न्यूयार्क, लन्दन और दुबई से भी महंगे बनारस के होटल, गंगा किनारे कमरे की मारामारी

वाराणसी - महादेव की नगरी काशी इन दिनों अंतर्राष्ट्रीय शहरों को भी पीछे छोड़ दी है. देव दीपावली के चलते होटल के कमरों के रेट आसमान छू रहे हैं. यहाँ होटलों के कमरों के दाम न्यूयार्क, दुबई और लंदन जैसे शहरों से भी महंगे चल रहे हैं. ऑनलाइन बुकिंग साइटों के मुताबिक दुबई, लंदन, अमेरिका और चीन के कई बड़े शहरों में जहां फाइव स्टार होटलों के कमरों की प्रतदिन 25-30 हजार में आसानी से बुकिंग हो रही है. बनारस में गंगा किनारे के कई होटलों के कमरों के दाम डेढ़ लाख से ऊपर चल रहे हैं. इसके अलावा वरुणा पार क्षेत्र में भी कई होटलों में बुकिंग 80 प्रतिशत तक होने के कारण कमरों के रेट बढ़ा दिए गए हैं. बनारस में देव दीपावली की रात रुकने के लिए होटल कमरा 30 हजार से लेकर डेढ़ लाख रुपये तक में बुक हो रहा है, जबकि यही सुविधा दुबई या लंदन जैसे अंतरराष्ट्रीय शहरों में इससे कम कीमत पर मिल रही है.

किस क्षेत्र में कितना रेट
ऑनलाइन वेबसाइट से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर के लिए बनारस के गंगा घाट से 8 किमी दूर छावनी क्षेत्र स्थित होटलों में कमरे 72 हजार से शुरू हो रहे हैं. नदेसर पर स्थित फाइव स्टार होटल में 5 नवंबर की रात के लिए बुकिंग 1.5 लाख तक हो रही है. पांडेयपुर क्षेत्र में कमरों का किराया 35 से 55 हजार रुपये चल रहा है. कई छोटे होटलों का किराया 90 हजार तक पहुंच चुका है. जबकि दुबई मॉल से 3 किमी दूर होटल के कमरे का रेट 15-25 हजार, दुबई में फाइव स्टार होटल 20-45 हजार में मिल रहा है.
सात समुंदर पार से आए अतिथि
काशी की देव दीपावली अब बनारस का ब्रांड बन चुकी है. अयोध्या में दीपावली के बाद बनारस में देव दीपावली देखने के लिए इस बार दुनिया भर से पर्यटक आए हुए हैं. एक दिन के इस आयोजन के लिए इन पर्यटकों ने एक माह पहले ही कमरे बुक करा लिए थे, जिसके कारण कीमत में बढ़ोतरी हुई है.
वाराणसी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष गोकुल शर्मा देव दीपावली होटल इंडस्ट्री के लिए बूस्टर साबित हुई है. इस बार बड़ी संख्या में विदेश से भी श्रद्धालु काशी आए हैं. जिन्होंने पहले से ही होटलों की बुकिंग करा ली थी, उन्हें कमरे मिलने में कोई परेशानी नहीं हुई है.
ALSO READ : तेजस्वी का मास्टर स्ट्रोक, राजद सरकार बनते ही फ्री बिजली संग देंगे 30 हजार की राशि
10 हजार के नीचे कोई नाव नहीं, बजड़ा और डबल डेकर की बुकिंग लाख पार
देव दीपावली पर इस बार काशी के घाटों पर 25 लाख दीप जलेंगे. इस अद्भुत नजारे को निहारने के लिए करीब 10 लाख पर्यटक काशी पहुंचेंगे. घाटों के अद्भुत नजारे को देखने के लिए नावों की खास मांग है. हाल ये है कि देव दीपावली से पहले ही बनारस के 95 फीसदी से ज्यादा नाव बुक हैं. इसमें 10 हजार रुपये के नीचे कोई नाव नहीं है. बड़े बजड़े या डबल डेकर नाव क बुकिंग रेट 50 हजार से 3 लाख रुपये तक है.
हर साल देव दीपावली के अवसर पर नावें मनमाने रेट पर बुक रहती हैं. इसका अंदाजा इसी के लगाया जा सकता है कि 10 से 15 हजार वाला बजड़ा भी 80 हजार में बुक किया जा रहा है. इसके अलावा छोटे, बड़े और मझले नाव की बुकिंग भी 20 से 50 हजार रुपये में हो रही है. नाविक तत्काल बुकिंग के लिए भी तैयार हैं. तत्काल बुकिंग के लिए भी बड़ी नाव में 8000 रुपये प्रति व्यक्ति खर्च करना होगा. कुल मिला कर छोटी नावें भी कम से कम 10 हजार रुपये में बुक हो रही हैं.
अलकनंदा और अन्य क्रूज में प्रति व्यक्ति की 15 हजार में बुकिंग
देव दीपावली पर सामान्य नावों के अलावा गंगा में पहले से चल रहे अलकनंदा, मानिकशॉ, विवेकानंद और भागीरथी क्रूज की बुकिंग फुल है. अलकनंदा क्रूज की बुकिंग फुल हो चुकी है. 15 हजार रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब बुकिंग हुई है.



