पलक झपकते ही ज्वेलरी की दुकान से लाखों की चोरी, जाने कैसे बच गई तिजोरी

वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र के चमरहा बाजार में चोरों ने ज्वेलरी की दुकान से नकदी समेत लाखों रुपये जेवरों पर हाथ साफ कर दिया. दुकान का शटर तोड़कर अंदर घूसे चोर काउंटर से नगदी और जेवरात चुराने के अलावा तिजोरी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन मजबूत होने के कारण सफलता नहीं मिली. बहलोलपुर निवासी वीरेंद्र कुमार सेठ की चमरहा बाजार में 'सेठ जगन्नाथ राजकुमार ज्वेलर्स' नाम से दुकान है. वीरेंद्र कुमार सेठ रोज की तरह शनिवार को अपनी दुकान बंद कर घर चले गए थे. भुक्तभोगी वीरेंद्र सेठ के अनुसार, भोर में लगभग तीन बजे किसी परिचित द्वारा उनके दुकान का शटर टूटा तथा बाहर कुछ लोगों के खड़े होने की सूचना उनको फोन द्वारा मिली.

लगभग आधे घंटे के भीतर वे दुकान पर पहुंचे तो बाहर कोई खड़ा नहीं मिला. चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर भीतर प्रवेश किया था. उन्होंने दुकान के अंदर रखी अलमारी का ताला तोड़कर 700 ग्राम चांदी के जेवर, लगभग 2000 नकद तथा एक ग्राम गोल्ड ज्वेलरी के सामान चोरी कर लिए.

पीड़ित ने मौके पर पहुंचकर देखा कि दुकान का सारा सामान बिखरा पड़ा था और कीमती जेवरात गायब थे. चोर सीसीटीवी कैमरे को तोड़ने के साथ ही डीवीआर उठा ले गए थे. दुकान में रखी हुई डिफेंडर मॉडल की तिजोरी तोड़ने का प्रयास किया, लेकिन हैंडल टूटने के बावजूद भी तिजोरी नहीं खुल सकी.

वीरेंद्र सेठ के अनुसार काउंटर में रखा लगभग 700 ग्राम चांदी के जेवर तथा कुछ नगदी चोरों के हाथ लगे हैं. हालांकि मुख्य तिजोरी कर नहीं तोड़ पाये. पीड़ित वीरेंद्र कुमार सेठ द्वारा सूचना दिए जाने के बाद चोलापुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची. पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को लिखित तहरीर दे दी है. 12 दिन पूर्व 18 फरवरी को उक्त घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक ही रात पांच गुमटियों का ताला तोड़कर चोरों ने हजारों रुपये का सामान पार कर दिया था. अभी पूर्व में हुई चोरियों का पुलिस जांच कर ही रही थी, तब तक चोरों ने दूसरी घटना को अंजाम दे दिया.



