दिल्ली जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे विमान यात्री के बैग से मिले मैगजीन और कारतूस

वाराणसी : एयर इंडिया एक्सप्रेस विमान से रविवार को दिल्ली जाने के लिए बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे एक यात्री के बैग से मैगजीन और छह कारतूस मिलने हडकंप मच गया. सुरक्षा जांच के दौरान यह मामला सामने आया. मैगजीन और कारतूस कब्जे में लेने के साथ पुलिस जांच में जुट गई.

इस घटना ने एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं. सुरक्षा अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए यात्री को रोक लिया और उसके सामान की गहन जांच की. बरामद किए गए कारतूसों की प्रकृति और उनकी उपयोगिता के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. यात्री की यात्रा को रद्द कर दी गई है और फूलपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने बताया कि यात्री का नाम भुवनेश्वर नाथ तिवारी है और उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि उनके पास कारतूस कैसे पहुंचे. प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि यात्री ने सुरक्षा जांच के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नहीं दिखाई थी.
फूलपुर थाने पर विभिन्न जांच एजेंसियों ने पूछताछ की पूछताछ में यात्री भुवनेश्वर नाथ तिवारी पुत्र बालनाथ तिवारी निवासी ग्राम बरौधा थाना कोतवाली कटरा जनपद मीरजापुर ने बताया कि उसके पास लाइसेंसी पिस्टल है. जिसका मैगजीन गलती से उनके हैंडबैग में रह गया था.
ALSO READ : सीजन का सबसे ठंडा दिन, आठ जनवरी तक रहेगा मौसम का सर्द हाल
वह एयर इंडिया एक्सप्रेस के विमान संख्या आई एक्स 1252 से नई दिल्ली जा रहे थे और जाँच के दौरान सीआईएसएफ द्वारा बरामद किया गया. भुवनेश्वर नाथ तिवारी के नाम से लाइसेंसी पिस्टल .32 बोर आवंटित है. जिसका लाइसेंस नंबर देखने और संतुष्ट होने के बाद कागजी कार्यवाही कर पुलिस ने चेतावनी देते हुए छोड़ दिया.



