Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

नगर निगम ने लगाई मुहर - कज्‍जाकपुरा आरओबी का नया नाम बाबा लॉट भैरव फ्लाईओवर

नगर निगम ने लगाई मुहर - कज्‍जाकपुरा आरओबी का नया नाम बाबा लॉट भैरव फ्लाईओवर
Nov 27, 2025, 06:50 AM
|
Posted By Gaandiv

वाराणसी - महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में बुधवार को नगर निगम सभागार में कार्यकारिणी की बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर फैसले लिए गए. कज्जाकपुरा आरओबी का नाम बदलकर बाबा लॉट भैरव फ्लाईओवर करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया; महापौर ने इसे स्वीकृति प्रदान करते हुये अग्रिम कार्यवाही के लिए सदन की बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया. इस बैठक में पिछली कार्यकारिणी के प्रस्तावों पर पुष्टि की गई. पुष्टि के तहत कार्यकारिणी सदस्य अमरदेव यादव के द्वारा पिछली कार्यकारिणी में लिए गए निर्णय की प्रगति की जानकारी चाही, लेकिन उन्हें पूर्ण विवरण के साथ जानकारी नही दी जा सकी. इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुये आगामी तीन दिनों में कार्यवाही से सदस्यों को अवगत कराने का निर्देश दिया. सदस्य हनुमान प्रसाद द्वारा पार्षद कोटा के अन्तर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24, 24-25 एवं 25-26 में स्ट्रीट लाईट और सीवरेज के कार्यों के संबंध में जानकारी चाही. महाप्रबन्धक जलकल एवं अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के सभी कार्य पूर्ण कर लिये गये हैं. वित्तीय वर्ष 2024-25 का कार्य प्रगति पर है। इस पर महापौर ने 31 मार्च तक 2024- 25 के स्वीकृत कार्य को पूर्ण कराने का निर्देश दिया. महापौर ने कहाकि किसी कार्य की दो बार निविदा प्रकाशित होने के बाद भी यदि कोई ठेकेदार निविदा में भाग नही लेता है तो उस कार्य को विभागीय रूप से मानक के अुनरूप कराया जाय, अनावश्यक विलम्ब न किया जाए.

/

2 हजार से अधिक शिकायतें लम्बित


ALSO READ: टेलीमानस हेल्‍पलाइन पर हर महीने पांच हजार काल, चिंता, तेजी से बढ़ रहे अवसाद के मामले


इस दौरान महापौर ने स्मार्ट काशी एप पर प्राप्त शिकायतों के सम्बन्ध में जानकारी चाही. पता चला कि वर्तमान समय सभी विभागों में लगभग 2 हजार से अधिक शिकायतें लम्बित हैं. इस पर महापौर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए 3 दिसम्बर तक शत प्रतिशत निस्तारण के निर्देश दिए. महपौर ने शहरी सीमा में संचालित मीट मुर्गा की खुले में दुकान चलाने वालों पर कार्यवाही के निर्देश दिए. कहाकि यदि कोई दुकान बिना पर्दा के संचालित करता है तो तत्काल कड़ी कार्यवाही की जाए. इसके अलावा पूर्व में लिये गये निर्णय के आधार पर सामान्य अभियन्त्रण विभाग द्वारा वार्ड स्तर पर लेबर मिस्त्री, निर्माण सामग्री रखने के सम्बन्ध में जानकारी चाही गयी. मुख्य अभियन्ता द्वारा बताया गया कि कुछ वार्डो में व्यवस्था लागू हो गयी है. शेष सभी वार्डों में शीघ्र ही कार्य पूर्ण कर लिया जायेगा. इसके साथ ही सभी पूर्व प्रस्तावों की पुष्टि की गयी;

/

बैठक के दौरान नगर निगम कार्यकारिणी में लिए गए महत्वपूर्ण निर्णय


1. नगर क्षेत्र में नगर निगम द्वारा संचालित मार्ग प्रकाश विन्दुओं के रख-रखाव हेतु ईईएसएल की अवधि अगले कुछ दिनों में समाप्त होने की स्थिति में महापौर ने निर्णय लिया कि स्ट्रीट लाइट के उपकरणों का क्रय सीधे कम्पनी से किया जायेगा. इससे प्रतिवर्ष करोड़ों रूपये की बचत होगी. इस कार्य के लिए नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को कार्यवाही के निर्देश दिए गए. साथ ही देख-रेख हेतु 15 अवर अभियन्ताओं की तैनाती का प्रस्ताव पारित किया गया.

2. जलकल विभाग, सामान्य अभियन्त्रण और आलोक विभाग में 15-15 अवर अभियन्ताओं की तैनाती का प्रस्ताव पारित किया गया.

3. दनियालपुर में 5 बीघे में निराश्रित पशुओं को रखने व उसके इलाज हेतु गौशाला के निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गयी.

4. कज्जाकपुरा आरओबी का नाम बदलकर बाबा लॉट भैरव फ्लाईओवर करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया. महापौर ने इसे स्वीकृति प्रदान करते हुये अग्रिम कार्यवाही के लिए सदन की बैठक में प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.

5. कूड़ा समय पर न उठने, कुत्तों बन्दरों को न पकड़ने की शिकायत पर नगर स्वास्थ्य अधिकारी और पशु कल्याण अधिकारी को फटकार लगायी गयी. कार्य एवं आचरण में सुधार लाने के निर्देश दिये गये.

6. उपसभापति नरसिंह दास के द्वारा सीएम ग्रिड योजना के अन्तर्गत चल रहे कार्यो की गुणवत्ता मानक के अनुरूप न होने पर प्रश्न किया गया और जुर्माना की राशि वसूले जाने की बात कही. इस पर महापौर ने मुख्य अभियन्ता को निर्देशित किया कि क्षेत्रीय सहायक अभियन्ता व अवर अभियन्ता की जिम्मेदारी निर्धारित की जाए.

7. पदम् अवॉर्डी के नाम से उनके गलियों, सड़कों के सौंदर्यीकरण के साथ ही उनके नाम से नामकरण करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया. इस मुख्य अभियन्ता को निर्देशित किया गया कि वह आवश्यक कार्यवाही करें. यदि उनके घर के लोगों के द्वारा अपने भवन में एक रूम दिया जाता है तो नगर निगम द्वारा उसे संरक्षित कर सौन्दर्यीकरण का कार्य करायेगा.

8. हनुमान प्रसाद द्वारा प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया कि यदि कोई व्यक्ति अपने घरों पर सोलर प्लांट लगाता है तो उसे सम्पत्तिकर में छूट का प्राविधान किया जाए. इस पर निर्णय लिया गया कि 01 दिसम्बर, से 31 दिसम्बर तक यदि कोई भवन स्वामी अपने घर के छत पर सोलर प्लांट लगवा कर ग्रिड से जोड़कर अपना पेपर प्रस्तुत करता है तो एकमुश्त सम्पत्तिकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट और आनलाईन सम्पत्तिकर जमा करता है तो 12 प्रतिशत की छूट का लाभ भवन स्वामी को दिया जायेगा.

9. बैठक में प्रस्ताव आया कि बाढ़ के समय अस्सी, नगवा इत्यादि क्षेत्रों में बाढ़ का पानी नीचले स्तर पर स्थित घरों को प्रभावित करता है; यदि सामने घाट के पास बने बैराज की तरह अस्सी नाले के पास बैराज का निर्माण किया जाय तो इस क्षेत्र के लोगों को काफी राहत होगी. इस सम्बन्ध में महापौर ने मुख्य अभियन्ता को प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश दिया.

10. बैठक में जल निगम के अवर अभियन्ता से उनके अधिशासी अभियन्ता के बारे में जानकारी चाही गयी. समुचित उत्तर न देने पर अवर अभियन्ता को बैठक से बाहर किया गया. साथ ही अधिशासी अभियन्ता को बैठक में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया. इसके कुछ देर बाद अधिशासी अभियन्ता बैठक में उपस्थित हुए.

11. महापौर ने उच्चतम न्यायालय के निर्देश पर पारित 22 अगस्त के आदेश के तहत पशु जन्म नियंत्रण लागू करने के संबंध में कमेटी गठित करने और नोडल अधिकारी तैनात करने के निर्देश दिये.

12. महापौर ने पशु कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि घरों में पालतू कुत्तों के 2 हजार डाटा, विधानसभावार, वार्डवार, नाम, मोबाइल नंबर, कुत्ते के प्रकार का विवरण तैयार कर कार्यकारिणी के सभी सदस्यों को दिया जाए.

13. बैठक में शहर में एक और 100 कुत्तों के बंध्याकरण और एबीसी सेंटर में कुत्तों को रखने की व्यवस्था के लिए भूमि का चिन्हांकन कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया.

बनारसीपन से बनाई खास पहचान, संजय मिश्रा को मिला राष्ट्रीय सम्मान
बनारसीपन से बनाई खास पहचान, संजय मिश्रा को मिला राष्ट्रीय सम्मान
वाराणसी। बनारस से निकली प्रतिभा जब देश-दुनिया में अपनी पहचान बनाती है तो काशी का गौरव बढ़ता है। फिल्म अभिनेता संजय मिश्रा को राष्ट्रपति द्वारा सर्वश्रेष्ठ कलाकार के राष्ट्रीय सम्मान से सम्मानित किए जाने पर शिव बारात समिति, वाराणसी ने बधाई दी है।बिहार के दरभंगा में जन्मे संजय मिश्रा का बचपन और शिक्षा-दीक्षा बनारस में हुई। काशी के रंग-ढंग में रचे-बसे संजय मिश्रा ने फिल्मी दुनिया में लंबा संघर्ष कर अपनी अलग पहचान बनाई। उनके अभिनय के साथ उनका खास बनारसी अंदाज, अल्हड़पन, मिठास और ‘गुरु’ वाली बोली भी लोगों के बीच पहचान बनी।फिल्मी सफर में कई सम्मान हासिल करने वाले संजय मिश्रा को राष्ट्रपति के हाथों मिला यह राष्ट्रीय सम्मान उनके प्रशंसकों और बनारस के लोगों के लिए खास उपलब्धि है। व्यस्त फिल्मी जीवन के बावजूद उनका बनारस से जुड़ाव कायम है। समय मिलते ही वह काशी आते हैं और अपने पुराने मित्रों से मुलाकात कर वक्त बिताते हैं।ALSO READ : वाराणसी एयरपोर्ट के नए निदेशक बने संतोष ढोके, पुनीत गुप्ता का भुवनेश्वर तबादलासंजय मिश्रा काशी की विश्व प्रसिद्ध शिव बारात समिति के संरक्षक भी हैं और महाशिवरात्रि पर बनारस में रहकर शिव बारात का हिस्सा बनने का प्रयास करते हैं। शिव बारात समिति ने उनके सम्मान पर शुभकामनाएं देते हुए बाबा विश्वनाथ से उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वाराणसी एयरपोर्ट के नए निदेशक बने संतोष ढोके, पुनीत गुप्ता का भुवनेश्वर तबादला
वाराणसी एयरपोर्ट के नए निदेशक बने संतोष ढोके, पुनीत गुप्ता का भुवनेश्वर तबादला
वाराणसी : लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर जल्द ही प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिलने वाला है. एयरपोर्ट के नए निदेशक के रूप में संतोष ढोके को नियुक्त किया गया है. वहीं, वर्तमान निदेशक पुनीत गुप्ता का स्थानांतरण भुवनेश्वर एयरपोर्ट के निदेशक पद पर कर दिया गया है. संतोष ढोके वर्तमान में पुणे एयरपोर्ट पर निदेशक के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. उनके पास एयरपोर्ट निदेशक के रूप में 11 वर्षों का लंबा और समृद्ध अनुभव है. अपने अब तक के कार्यकाल के दौरान वे देश के कई अन्य महत्वपूर्ण एयरपोर्ट्स पर भी निदेशक की जिम्मेदारी सफलतापूर्वक निभा चुके हैं. एयरपोर्ट पर विकास और विस्तार कार्यों को लेकर एक बेहद महत्वपूर्ण दौर चल रहा है. लगभग 2800 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं. नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन इसी वर्ष दिसंबर तक करने की योजना है.भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) की ओर से मंगलवार को तबादला आदेश जारी हुआ. एएआई के आदेश के मुताबिक संबंधित अधिकारियों को निर्धारित अवधि में नए पद का कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं. मौजूदा निदेशक पुनीत गुप्ता के कार्यकाल के दौरान वाराणसी एयरपोर्ट पर यात्री सुविधाओं में काफी सुधार देखने को मिला. उनके समय में एयरपोर्ट विस्तार, टर्मिनल अपग्रेडेशन और अन्य जरूरी बुनियादी ढांचों के कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर काफी काम हुआ. यहां तक कि नए टर्मिनल भवन के निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ.ALSO READ : सेंट्रल हिन्दू गर्ल्स स्कूल की यूनिफॉर्म बदली, नीला जैकेट-ट्राउजर और चेक वाला कुर्ता नई पहचानअब नए निदेशक संतोष ढोके के सामने वाराणसी एयरपोर्ट की बड़ी विस्तार परियोजनाओं को रफ्तार देने की मुख्य चुनौती होगी. खासकर वाराणसी एयरपोर्ट पर प्रस्तावित नए हाई-टेक टर्मिनल का निर्माण, रनवे विस्तार और टनल निर्माण सहित कई अन्य योजनाओं को जमीन पर उतारना उनके लिए महत्वपूर्ण होगा.मूल रूप से मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी संतोष ढोके ने इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन से बीटेक किया है. उन्होंने 1994 में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में अपनी सेवाएं शुरू की थीं. ढोके के पास 'इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रोफेशनल' की भी डिग्री है.
वाराणसी में लेखपाल का प्राइवेट मुंशी घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, खारिज-दाखिल के लिए मांगे एक लाख
वाराणसी में लेखपाल का प्राइवेट मुंशी घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, खारिज-दाखिल के लिए मांगे एक लाख
वाराणसी : एंटी करप्शन टीम वाराणसी मंडल ने 1 लाख रुपये घूस लेते हुए एक लेखपाल के प्राइवेट मुंशी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी मुंशी को यूपी कॉलेज गेट के पास इंडियन बैंक के समीप से मंगलवार की दोपहर दबोचा गया. वहीं, मामले में आरोपी लेखपाल फरार बताया जा रहा है, जिसकी पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है. लेखपाल का क्षेत्र सीरगोवर्धन बताया जा रहा है.शिकायतकर्ता कमल कान्त विक्रम (निवासी: जैपार (उन्‍दी), थाना शिवपुर ने एंटी करप्शन थाना कार्यालय में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायतकर्ता के पिता ओमप्रकाश सिंह द्वारा पुश्तैनी जमीन के विक्रय से संबंधित खारिज-दाखिल (म्यूटेशन) के लिए आवेदन किया गया था. आरोप है कि क्षेत्र के हल्का लेखपाल कुन्दन सिंह द्वारा खारिज-दाखिल कराने के एवज में 1,00,000 रुपये घूस की मांग की जा रही थी. मंगलवार को जब शिकायतकर्ता और लेखपाल के बीच फोन पर वार्ता हुई, तो लेखपाल ने अपने प्राइवेट मुंशी अशोक को मिलने के लिए भेजा. मुंशी अशोक ने शिकायतकर्ता को यूपी कॉलेज गेट के पास बुलाया और 1 लाख रुपये की रिश्वत प्राप्त की.ALSO READ: काशी को वैश्विक पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने पर जोर, ‘संत परंपरा’ पर स्टोरीटेलिंग सत्र का आयोजनइस बीच घात लगाए बैठी एंटी करप्शन वाराणसी की टीम ने मौके से ही आरोपी मुंशी अशोक कुमार को गिरफ्तार कर लिया और रिश्वत के पूरे पैसे बरामद कर लिए. आरोपी मुंशी बीएलडब्ल्यू रोड, शिवदासपुर, थाना मंडुवाडीह का निवासी बताया गया. पूछताछ में गिरफ्तार मुंशी ने कबूला कि लेखपाल के कहने पर ही वह रिश्वत लेने आया था. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिसमें लेखपाल कुन्दन सिंह और मुंशी के बीच रिश्वत के लेन-देन से संबंधित बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली है. एंटी करप्शन टीम के प्रभारी नीरज सिंह ने बताया की घटना के बाद आरोपी लेखपाल कुन्दन सिंह (हल्का लेखपाल क्षेत्र सीरगोवर्धनपुर, तहसील सदर, वाराणसी) फरार है. एंटी करप्शन टीम तहसील सदर और अन्य संभावित ठिकानों पर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है. दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना कैंट में कानूनी कार्रवाई की जा रही है.