UGC के नए नियमों पर गरमाई सियासत, पटना की सड़कों पर उतरे छात्र

यूजीसी के नए रेगुलेशन को लेकर देश की सियासत गरमा उठी है. जिसे लेकर विरोध प्रदर्शन लगातार जारी हैं. जहां बिहार की राजधानी पटना कॉलेज के छात्रों ने नए नियमों को लागू करने की मांग पर प्रदर्शन किया है. 65 प्रतिशत छात्रों की मांग आरक्षण और यूजीसी की नई गाइडलाइन है. जिसमें उनकी मांग है कि उसको लागू करना चाहिए. इसे लेकर पुलिस के साथ इन छात्रों की धक्का-मुक्की भी हुई. निजी क्षेत्र और न्यायपालिका में आरक्षण की मांग को लेकर पटना कॉलेज के छात्र कॉलेज कैंपस में छात्रों ने प्रदर्शन किया और नारेबाजी की. पटना कॉलेज से गांधी मैदान तक जुलूस निकाला गया और यूजीसी एक्ट को तुरंत लागू करने की मांग भी की गई.

UGC बिल के नए प्रावधानों पर रोक
बता दें, हाल में सुप्रीम कोर्ट UGC बिल के लागू किए गए नए प्रावधानों पर रोक लगा दिया है. सुप्रीम कोर्ट द्वारा इस कानून पर रोक लगाने पर लोगों का धरना प्रदर्शन और भी तेज हो गया. छात्र इसे शिक्षा व्यवस्था में सुधार के रूप में देख रहे हैं, जबकि सरकार एवं प्रशासन कानून-व्यवस्था बनाए रखने की चुनौती इसे मान रही है. वहीं पटना कॉलेज से गांधी मैदान तक मार्च निकालने की तैयारी कर रहे स्टूडेंट्स को रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रखी थी, कई छात्रों ने बैरिकेडिंग पर चढ़कर नारेबाजी करते हुए बैरिकेड तोड़ दी. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने वाटर कैनन की गाड़ी मंगवाई और इलाके में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी. उसके बाद भी आगे बढ़ने पर प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने जेपी गोलंबर के पास पहुंचने से रोक लिया. जिससे छात्र काफी उग्र हो गए है.

छात्र और पुलिस में धक्का-मुक्की
गांधी मैदान और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तैनात की गई हैं, ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे. छात्रों से लगातार लौटने की अपील की गई, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं थे. नारेबाजी एवं मार्च के जरिए छात्र यह मैसेज देने की कोशिश कर रहे थे कि यूजीसी के नए नियम उनके भविष्य से जुड़े हैं और इसमें ढील उन्हें मंजूर नहीं है. 29 जनवरी को सर्वोच्च ने यूनिवर्सिटी एवं कॉलेजों में भेदभाव रोकने से जुड़े यूजीसी के नए नियमों पर रोक लगाई थी. कोर्ट ने कहा कि नियमों के कुछ प्रावधान साफ नहीं हैं और इनके दुरुपयोग की आशंका से इनकार करना संभव नहीं है.



