बीएचयू में बौद्धिक दिव्यांग खेलकूद महोत्सव - मेडल पाकर बढ़ा मनोबल

वाराणसी- बीएचयू स्थित एम्फीथिएटर ग्राउंड में बौद्धिक दिव्यांग खेलकूद महोत्सव संपन्न हुआ. यह महोत्सव वाराणसी जिले के दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के लिए कार्य करने वाली विभिन्न संस्थानों और व्यक्तियों के सहयोग से आयोजित किया गया. उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित पदम्श्री मुरलीकांत राजाराम पीटकर चंदू चैंपियन ने कहा कि इस महोत्सव से पूरे देश में सकारात्मक संदेश जाएगा. उन्होंने बताया कि ऐसे महोत्सव दिव्यांगजनों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ उनमें आत्मनिर्भरता की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं.

उन्होंने दिव्यांग खेलों को बढ़ावा देने के लिए कोच, प्रशिक्षक और मैदान की आवश्यकता पर जोर दिया और सरकार से इस दिशा में कदम उठाने की अपील की. समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में पद्मश्री प्रो मंगल कपूर, सिस्टर संगीता, राहुल गुप्ता और रोहित गुप्ता उपस्थित रहे. प्रतियोगिता की शुरुआत बौद्धिक दिव्यांग खिलाड़ियों द्वारा भव्य तिरंगा यात्रा के साथ हुई.
शॉट पुट थ्रो में जाने किसकी जीत
प्रतियोगिताओं में शॉट पुट थ्रो में सुनील पटेल ने प्रथम, अजय पटेल ने द्वितीय और जय कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. स्टैंडिंग लॉन्ग जम्प में बालक वर्ग में सचिन और कृष्णा ने प्रथम, जयकुमार और अजय पटेल ने द्वितीय तथा दिव्यांश और सूरज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. बालिका वर्ग में अनुष्का और गीता ने प्रथम, कृति और रेशमा ने द्वितीय तथा रिंकी पाल और तनु केसरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया.
25 मीटर रेस में तनिष्क ने प्रथम, कृष्णा ने द्वितीय और शान्या ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. 50 मीटर रेस में मानसी ने प्रथम, अंशिका ने द्वितीय और खुशी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. 100 मीटर दौड़ में बालक वर्ग में अहमद रजा ने प्रथम, सुनील पटेल ने द्वितीय और आलोक कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. बालिका वर्ग में आयुषी ने प्रथम, बेबी ने द्वितीय और शर्मिला ने तृतीय स्थान प्राप्त किया. सभी विजेता खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम को मिला कई संस्थाओं का सहयोग
समापन समारोह में मुख्य अतिथि वाराणसी जिले के दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी आर पी सिंह ने कहा कि सरकार दिव्यांगों के स्वावलंबन और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है. विशिष्ट अतिथि आकाशवाणी के निदेशक अशोक पांडेय भी उपस्थित रहे. बीएचयू क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो ए के नेमा ने कहा कि परिषद ऐसे खेलों के लिए हमेशा सहयोग देने के लिए तत्पर है. कार्यक्रम का संचालन डाक्टर उत्तम ओझा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम संयोजक पवन कुमार ने किया. इस आयोजन में कई प्रमुख संस्थाएं जैसे देवा इंटरनेशनल, अनमोल सेवा समिति, प्रेम ज्योति, नई सुबह, किरण सोसायटी और अन्य ने सहयोग किया.



