Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

वाराणसी पहुंची बांग्‍लादेश में हिंदुओं पर अत्‍याचार की आंच, मुस्लिम महिलाओं ने जताया आक्रोश

वाराणसी पहुंची बांग्‍लादेश में हिंदुओं पर अत्‍याचार की आंच, मुस्लिम महिलाओं ने जताया आक्रोश
Dec 20, 2025, 08:44 AM
|
Posted By Gaandiv

वाराणसी - बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ अत्‍याचार की आंच वाराणसी पहुंच गई है. ताजा घटना एक हिन्दू को जिन्दा जलाने से जुडी है जिसने एक बार फिर से धार्मिक कट्टरपन की गंभीरता को सामने लाया है. इस हृदय विदारक घटना के बाद वाराणसी में विशाल भारत संस्थान एवं मुस्लिम महिला फाउंडेशन की महिलाओं, बच्चों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस पर आक्रोश जताते हुए प्रदर्शन क‍िया है.

इन संगठनों ने लमही के सुभाष भवन से प्रेमचंद स्मृति द्वार तक एक आक्रोश मार्च निकाला, जिसमें बांग्लादेश के कार्यवाहक प्रधानमंत्री मो. यूनुस का पुतला फूंका गया. इस दौरान नारे लगाए गए, "बांग्लादेशी घुसपैठियों को बाहर निकालो, इनके समर्थकों को जेल में डालो." इस मार्च में शामिल लोगों ने मो. यूनुस को "हत्यारा" करार देते हुए बांग्लादेश की सहायता को सांप को दूध पिलाने के समान बताया.


VARANASI


डॉ. नजमा परवीन ने इस अवसर पर कहा कि अब समय आ गया है कि मुसलमान कट्टरपंथियों के खिलाफ खड़े हों. उन्होंने भारत सरकार से अपील की कि बांग्लादेश के कट्टरपंथियों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में हिन्दुओं का नरसंहार राज्य प्रायोजित है और इसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्यकता है.

विशाल भारत संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राजीव ने कहा कि मो. यूनुस, जो शांति के लिए नोबल पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं, अब मानवता के गुनहगार बन चुके हैं. उन्होंने मांग की कि भारत सरकार को बांग्लादेश के कट्टरपंथियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए.


ALSO READ : मौसम ने यात्रियों में चिंता और असुविधा का माहौल बनाया, कई विमान निरस्‍त तो कई विलंबित


मुस्लिम महिला फाउंडेशन की नेशनल सदर नाज़नीन अंसारी ने कहा कि भारत को बांग्लादेश के साथ अपने संबंधों को समाप्त करना चाहिए. उन्होंने कहा कि जिस देश ने भारत को आजादी दिलाई, वही आज भारत को तोड़ने की बात कर रहा है. कहा क‍ि बांग्लादेश में हिन्दुओं पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ यह आक्रोश मार्च एक महत्वपूर्ण कदम है, जो न केवल बांग्लादेश में हिन्दुओं की सुरक्षा की मांग करता है, बल्कि कट्टरपंथियों के खिलाफ एकजुटता का प्रतीक भी है. बांग्लादेश में हिन्दुओं के खिलाफ हो रहे अत्याचारों की यह स्थिति न केवल वहां के अल्पसंख्यकों के लिए, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के लिए चिंता का विषय है. इस मार्च में शामिल अन्य नेताओं ने भी कट्टरपंथियों के खिलाफ आवाज उठाई. डॉ. अर्चना भारतवंशी ने कहा कि बांग्लादेश अब पाकिस्तान के रास्ते पर चल रहा है और इसे समाप्त करना आवश्यक है. इस अवसर पर डॉ. मृदुला जायसवाल, सत्यम राय, वीरेन्द्र राय, पूनम देवी, सुनीता, रमता, नगीना, मैना, अर्चना, अंजू, रीता, ममता, किशुना, गीता, बेचना, धनेसरा, सरोज, खुशी, उजाला, दक्षिता आदि मौजूद रहे.

देव दीपावली की भव्यता देख विदेशी पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध, रूस और ब्रिटेन से आए मेहमानों ने काशी को बताया खूबसूरत
देव दीपावली की भव्यता देख विदेशी पर्यटक हुए मंत्रमुग्ध, रूस और ब्रिटेन से आए मेहमानों ने काशी को बताया खूबसूरत
वाराणसी। काशी की देव दीपावली की भव्यता और गंगा घाटों की अलौकिक छटा विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित कर रही है। दशाश्वमेध घाट पर दीपोत्सव, गंगा आरती और धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों के बीच रूस और ब्रिटेन से आए पर्यटक भी उत्साह के साथ इस उत्सव का आनंद लेते नजर आए। इस दौरान विदेशी महिला पर्यटकों ने काशी की खूबसूरती और आयोजन की जमकर सराहना की।रूस की रहने वाली एलेना ने बताया कि वह करीब 10 साल पहले भी वाराणसी आ चुकी हैं। इस बार अपने दोस्तों को काशी की खूबसूरती और देव दीपावली की भव्यता दिखाने के लिए यहां लेकर आई हैं। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल ब्रिटेन में रहती हैं। वहीं सोफिया और विक्टोरिया ने भी घाटों के माहौल और आयोजन को बेहद खूबसूरत बताया। उन्होंने कहा कि यहां की हर चीज उन्हें काफी पसंद आ रही है।दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती के समापन के बाद भी विदेशी पर्यटक घाटों की रौनक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को देखने के लिए रुके रहे। इस दौरान हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। काशी की धार्मिक परंपरा, उत्सव की भव्यता और लोगों के स्वागत ने विदेशी मेहमानों के लिए देव दीपावली की शाम को यादगार बना दिया।
केदार घाट पर गंगा आरती की अलौकिक छटा, दीपों की रोशनी में निखरी काशी की आध्यात्मिक विरासत
केदार घाट पर गंगा आरती की अलौकिक छटा, दीपों की रोशनी में निखरी काशी की आध्यात्मिक विरासत
वाराणसी। देव दीपावली पर केदार घाट पर गंगोत्री सेवा समिति की ओर से मां गंगा की भव्य महाआरती और पूजन का आयोजन किया गया। गंगा की लहरों पर झिलमिलाते दीपों की टिमटिमाहट, धूप-दीप की सुगंध और वैदिक मंत्रों के गूंजते स्वर ने पूरे घाट को भक्तिमय बना दिया। गंगा की सुरसुरी और लहरों के बीच जब आरती की लौ उठी तो ऐसा लगा मानो दीपों का प्रकाश मां गंगा की जलधारा में उतरकर आध्यात्मिक आभा बिखेर रहा हो। श्रद्धालुओं ने दीपदान कर मां गंगा के प्रति अपनी आस्था प्रकट की और सुख-समृद्धि की कामना की। गंगोत्री सेवा समिति के पं. संदीप कुमार दुबे (सोनू महाराज) ने बताया कि वैदिक रीति-रिवाज से मां गंगा का पूजन-अर्चन कर महाआरती की गई। घंट-घड़ियाल, शंखनाद और मंत्रोच्चार के बीच आरती की लौ के साथ मां गंगा की स्तुति हुई। कार्तिक पूर्णिमा पर दीपदान की प्राचीन परंपरा को निभाते हुए श्रद्धालुओं ने घाट की सीढ़ियों और गंगा तट पर दीप प्रज्वलित किए। दीपों की कतारों से सजा केदार घाट और गंगा की लहरों पर तैरते दीपों की आभा देखते बन रही थी। इस दौरान केदार घाट को सुगंधित देसी विदेशी फुल माला और विद्युत झालरों से सजाया गया था। आयोजन में कलाकारों ने काशी की संस्कृति, परंपरा, लोक आस्था पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
शंकराचार्य घाट पर गौमाता के नाम रही देव दीपावली, दीपों और रंगोली से दिया गौरक्षा का संदेश
शंकराचार्य घाट पर गौमाता के नाम रही देव दीपावली, दीपों और रंगोली से दिया गौरक्षा का संदेश
वाराणसी। धर्म और आध्यात्म की नगरी काशी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मनाई जाने वाली देव दीपावली इस बार गौमाता को समर्पित रही। शंकराचार्य घाट पर श्रीविद्यामठ के प्रभारी ब्रह्मचारी परमात्मानंद जी के सान्निध्य में गौदेव दीपावली का आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। आयोजन के माध्यम से गौमाता की रक्षा, गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध और उन्हें राष्ट्रमाता घोषित करने का संदेश दिया गया।शंकराचार्य जी महाराज के मीडिया प्रभारी संजय पाण्डेय ने बताया कि परमधर्माधीश ज्योतिष्पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामिश्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज के आदेशानुसार इस वर्ष की देव दीपावली गौमाता को समर्पित की गई। शंकराचार्य घाट पर दीपों और रंगोली के माध्यम से बछड़े को दुग्धपान कराती गौमाता की सुंदर आकृति बनाई गई। इसके जरिए सनातन धर्म में गौमाता के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को प्रदर्शित किया गया।उन्होंने बताया कि मान्यता है कि काशी में देव दीपावली के दिन भगवान शिव के साथ समस्त देवी-देवता धरती पर अवतरित होते हैं। ऐसे पावन अवसर पर 33 कोटि देवी-देवताओं की आश्रयस्थली मानी जाने वाली गौमाता की रक्षा का संकल्प लेकर सभी देवी-देवताओं को प्रसन्न करने का प्रयास किया गया। आयोजन के माध्यम से सरकार से देश में गोकशी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाने और गौमाता को राष्ट्रमाता एवं राज्यमाता घोषित करने की मांग की गई।इस दौरान शंकराचार्य जी महाराज के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा गया कि सनातन धर्म में ईश्वर और गुरु का सर्वोच्च स्थान है, लेकिन घर में बनने वाली पहली रोटी ईश्वर या गुरु को नहीं, बल्कि गौमाता को समर्पित की जाती है। यह परंपरा स्वयं गौमाता के महत्व और सनातन संस्कृति में उनके स्थान को दर्शाती है।आयोजन में उपस्थित संतों, भक्तों और वैदिक विद्यार्थियों ने गौमाता के जयकारे लगाए। सभी ने एक स्वर में देश में गोकशी को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने और गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की सरकार से मांग की। इस अवसर पर साध्वी पूर्णांबा दीदी, रमेश उपाध्याय, हजारी कीर्ति शुक्ला, सुनील शुक्ला, केके द्विवेदी, शिवाकांत मिश्रा, दीपेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में वैदिक विद्यार्थी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।