मोदी के प्रधानमंत्री पद के कार्यकाल का नया रिकॉर्ड, काशी में 10 जून को होंगे सेवा और स्वच्छता कार्यक्रम...

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने का रिकॉर्ड बनने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी महानगर इकाई ने 10 जून को विभिन्न सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी पूरी कर ली है. इस संबंध में रविवार को गुलाब बाग स्थित भाजपा महानगर कार्यालय में बैठक आयोजित की गई.
बैठक की अध्यक्षता भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान बनाई है और यह उपलब्धि जनता के विश्वास तथा विकास आधारित राजनीति का परिणाम है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की.
बैठक में बताया गया कि 10 जून को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी काशी पहुंचेंगे. सुबह 6 बजे अस्सी घाट, नमो घाट, शास्त्री घाट और मलदहिया क्षेत्र सहित विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान से होगी. इसके बाद सुबह 8 बजे काशी विश्वनाथ मंदिर, तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर, रेवड़ी तालाब स्थित मंदिर और अर्दली बाजार के महावीर मंदिर में विशेष पूजन-अर्चन किया जाएगा.
इसके बाद सुबह 10 बजे से शहर के विभिन्न अस्पतालों, वृद्धाश्रमों और सेवा संस्थानों में फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. रामनगर वृद्धाश्रम, माता आनंदमयी अस्पताल, काशी अनाथालय, पंडित दीनदयाल उपाध्याय चिकित्सालय, आयुर्वेद कॉलेज, दुर्गाकुंड वृद्धाश्रम, संकटमोचन स्थित कुष्ठ आश्रम और कबीरचौरा के शिवप्रसाद गुप्त चिकित्सालय को प्रमुख केंद्र बनाया गया है.
बैठक में कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए विधानसभा स्तर पर संयोजकों की जिम्मेदारियां भी तय की गईं। इस दौरान क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला अध्यक्ष रामसकल पटेल, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, अनिल राजभर, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक नीलकंठ तिवारी, विधायक सौरभ श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
भाजपा नेताओं ने कहा कि काशी, प्रधानमंत्री मोदी का संसदीय क्षेत्र होने के कारण इस अवसर को सेवा, स्वच्छता और जनभागीदारी के कार्यक्रमों के माध्यम से मनाएगी.



