वाराणसी एयरपोर्ट से आज से 10 नई उड़ानें, इन शहरों के लिए होगा आसान सफर...

वाराणसी : लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों के लिए चैन की खबर है. आज एक अगस्त से वाराणसी एयरपोर्ट से एक-दो नहीं सीधे 10 नई उड़ानों की शुरुआत की जा रही है. नई उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और विजयवाड़ा जैसे बड़े शहरों के लिए आने-जाने में आसानी होगी. इन उड़ानों में एयर इंडिया एक्सप्रेस सबसे अधिक उड़ानें बढ़ाने जा रही है.
इन रूट पर नई उड़ान सेवा
एयर इंडिया एक्सप्रेस की ओर से वाराणसी से मुंबई के लिए दो नई उड़ानें शुरू की जाएंगी. इसके साथ ही दिल्ली के लिए भी एक अतिरिक्त उड़ान शुरू की जाएगी. इससे दिल्ली और मुंबई जाने वाले यात्रियों को समय के अनुसार उड़ान चुनने का बेहतर विकल्प मिलेगा. कारोबार और नौकरी के सिलसिले में इन दोनों शहरों के बीच आवागमन करने वाले लोगों की संख्या अधिक है.
आकासा एयर वाराणसी से बेंगलुरु के बीच नई उड़ान शुरू करेगी. यह उड़ान हर दिन संचालित होगी. बेंगलुरु जाने वाले यात्रियों के लिए यह राहत की बात है. पिछले दिनों दक्षिण भारत के शहरों के लिए सीधी उड़ान कम होने से यात्रियों को परेशानी होने लगी थी.
ALSO READ : वाराणसी में अंबेडकर बुद्ध और मां काली की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त किए जाने से तनाव पुलिस तैनात ...
इंडिगो एयरलाइन विजयवाड़ा के लिए नई उड़ान शुरू करेगी. इससे दक्षिण भारत का एक और शहर से काशी का सीधा कनेक्ट हो जाएगा. कुल मिलाकर आज से 10 नई उड़ानें हवाई अड्डे से जुड़ जाएंगी. मौजूदा समय की बात करें तो वाराणसी हवाई अड्डे पर हर दिन 22 विमानों का आना और 22 विमानों का जाना होता है. इस तरह कुल 44 उड़ानों का संचालन हो रहा है. नई उड़ानों के जुड़ने के बाद यह आंकड़ा 54 तक पहुंच जाएगा. इससे हवाई अड्डे पर यात्रियों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है. इस बारे में वाराणसी एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि नई उड़ानें शुरू होने से यात्रियों को फायदा होगा और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा. काशी में सावन के महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं. इसके अलावा बाहर से आने वाले सैलानियों की संख्या भी बढ़ेगी.



