वाराणसी में 173 नावों की जांच, 13 सीज, 4 पर मुकदमा दर्ज

वाराणसी- गंगा नदी में नाव संचालन की सुरक्षा, निर्धारित क्षमता के अनुपालन और प्रदूषण नियंत्रण को सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस विशेष सघन अभियान चला रही है. यह अभियान अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय के निर्देश पर प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक संचालित किया गया. गौरतलब है कि वाराणसी में गंगा नदी पर प्रतिदिन हजारों स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और देश-विदेश से आए पर्यटकों द्वारा नावों का उपयोग किया जाता है. यात्रियों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह व्यापक कार्रवाई की गई. सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस को खास जोर लाइफ जैकेट पर है. पिछले दिनों दो नावों के टकराने के बाद पुलिस कोई कोर कसर छोडना नहीं चाह रही है.

जांच में यह रहा फोकस
* सभी नाव चालकों के पहचान पत्र और आयु का सत्यापन किया गया.
* कोई भी नाव चालक नाबालिग नहीं पाया गया.
* 1 नाव निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां लेकर संचालित पाई गई.
* संबंधित नाव चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई.
* 15 नावें पर्याप्त लाइफ जैकेट के बिना संचालित पाई गईं.
* सभी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए कड़ी चेतावनी दी गई.

प्रदूषण नियंत्रण जांच
* इंजन चालित नावों की जांच की गई.
* कोई भी नाव प्रदूषण मानकों का उल्लंघन करती नहीं मिली.
* 13 नावों को सीज किया गया.
* 4 अभियोग पंजीकृत कर वैधानिक कार्रवाई की गई.
अभियान के दौरान नाव चालकों और यात्रियों को अनिवार्य रूप से लाइफ जैकेट पहनने, निर्धारित क्षमता का पालन करने और गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए जागरूक किया गया. माइक अनाउंसमेंट और मौके पर समझाइश के माध्यम से जन-जागरूकता अभियान भी चलाया गया.

कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि गंगा नदी में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे.



