यूपी में 206 PPS अफसरों के तबादले, वाराणसी कमिश्नरेट के छह ACP स्थानांतरित

वाराणसी: उत्तर प्रदेश सरकार ने कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए प्रदेशभर में बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 206 प्रांतीय पुलिस सेवा (पीपीएस) अधिकारियों का तबादला कर दिया है. इस व्यापक तबादला सूची का असर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट पर भी पड़ा है, जहां छह सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) का स्थानांतरण किया गया है, जबकि पांच नए अधिकारियों की तैनाती की गई है.तबादला सूची के अनुसार वाराणसी कमिश्नरेट के प्रमुख सर्किलों राजातालाब, दशाश्वमेध, सारनाथ, रोहनिया और पिंडरा के एसीपी बदले गए हैं. इसके अलावा सुरक्षा शाखा के एसीपी को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.

पुलिस उपाधीक्षक अलीगढ़ नियुक्त किया गया
वाराणसी से स्थानांतरित किए गए अधिकारियों में एसीपी राजातालाब अजय कुमार श्रीवास्तव को पुलिस उपाधीक्षक कुशीनगर, एसीपी दशाश्वमेध डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी को आगरा कमिश्नरेट में एसीपी, एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना को पुलिस उपाधीक्षक शाहजहांपुर, एसीपी सुरक्षा अंजनी कुमार राय को पुलिस उपाधीक्षक सचिवालय सुरक्षा, एसीपी पिंडरा प्रतीक कुमार को पुलिस उपाधीक्षक अयोध्या तथा एसीपी रोहनिया संजीव कुमार शर्मा को पुलिस उपाधीक्षक अलीगढ़ नियुक्त किया गया है.
वाराणसी कमिश्नरेट में सुरक्षा व्यवस्था
वहीं वाराणसी कमिश्नरेट में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पांच नए अधिकारियों की तैनाती की गई है. सहायक सेनानायक 27वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर अवधेश कुमार विश्वकर्मा को एसीपी वाराणसी बनाया गया है. पुलिस उपाधीक्षक फतेहपुर वीर सिंह, गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट से अनिल कुमार पांडेय, पुलिस उपाधीक्षक आजमगढ़ अनिल कुमार वर्मा तथा एसीपी प्रयागराज विमल किशोर मिश्रा को भी वाराणसी कमिश्नरेट में एसीपी के रूप में तैनात किया गया है.

ALSO READ: कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय का भाजपा पर पलटवार, बोले- यूपी में कानून व्यवस्था ध्वस्त
तबादला सूची में पीएसी और जोन स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं. प्रयागराज जोन के एडीजी के स्टाफ ऑफिसर एवं पुलिस उपाधीक्षक कुशल पाल सिंह यादव को सहायक सेनानायक 34वीं वाहिनी पीएसी वाराणसी के पद पर भेजा गया है. वहीं आगरा कमिश्नरेट में तैनात एसीपी शेषमणि उपाध्याय को एडीजी जोन वाराणसी का स्टाफ ऑफिसर नियुक्त किया गया है. प्रदेश सरकार के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को पुलिस व्यवस्था को अधिक चुस्त-दुरुस्त और प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.



