यूपी में देर रात 84 पीसीएस अधिकारियों के हुए तबादले, दालमंडी प्रोजेक्ट देख रहे एडीएम सिटी आलोक वर्मा का नाम भी शामिल...

वाराणसी: उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए प्रदेशभर के 84 पीसीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए. इस सूची में वाराणसी के एडीएम सिटी आलोक कुमार वर्मा का भी नाम शामिल है. उन्हें अब सुल्तानपुर में मुख्य राजस्व अधिकारी (CRO) की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.
आलोक कुमार वर्मा वाराणसी में दालमंडी प्रोजेक्ट समेत कई महत्वपूर्ण प्रशासनिक कार्यों की निगरानी कर रहे थे. उनके कार्यकाल के दौरान शहर की कई बड़ी योजनाओं पर तेजी से काम हुआ. हाल ही में एक युवक के साथ हुई घटना को लेकर भी वह चर्चाओं में रहे थे, जिसके बाद उनके तबादले को प्रशासनिक हलकों में अहम माना जा रहा है.
वहीं, शासन ने कानपुर नगर में तैनात राजेश कुमार को वाराणसी का नया एडीएम सिटी नियुक्त किया है. अब वे जल्द ही वाराणसी में कार्यभार ग्रहण करेंगे.
ALSO READ :शहनाई जगत के उस्ताद नासिर अब्बास की तबीयत नाजुक, दुआओं की अपील...
तबादला सूची में झांसी में तैनात रहे वरुण कुमार पांडेय को प्रयागराज स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय का कुलसचिव बनाया गया है. इसके अलावा लखनऊ, प्रयागराज, मेरठ, गोरखपुर, आगरा, गाजियाबाद और बरेली समेत कई जिलों में भी प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं.
शासन की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और सुचारु बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है. सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं.



