बीएचयू में स्नातक की 97.80 प्रतिशत सीटें भरीं, स्पॉट राउंड के लिए पंजीकरण शुरू

वाराणसी: काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया के नियमित चरण पूरे हो गए हैं. विश्वविद्यालय के वाराणसी और बरकछा परिसरों में उपलब्ध 4,826 स्नातक सीटों में से 4,720 सीटों पर प्रवेश हो चुका है, इस तरह 97.80 प्रतिशत सीटें भर गई हैं और अब 106 सीटें रिक्त हैं.
हालांकि, इन आंकड़ों में बैचलर ऑफ परफॉर्मिंग आर्ट्स (बीपीए) और बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (बीएफए) पाठ्यक्रमों की सीटें शामिल नहीं हैं, इन दोनों पाठ्यक्रमों के लिए व्यावहारिक परीक्षाओं की प्रक्रिया चल रही है, जिसके जल्द पूरा होने की संभावना है.
नियमित प्रवेश प्रक्रिया समाप्त होने के बाद विश्वविद्यालय ने रिक्त सीटों को भरने के लिए स्पॉट राउंड की प्रक्रिया शुरू कर दी है, स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थी 21 से 24 अगस्त तक स्पॉट राउंड के लिए पंजीकरण करा सकेंगे.
विश्वविद्यालय के अनुसार स्पॉट राउंड के तहत सीटों का आवंटन 25 अगस्त को किया जाएगा, ऐसे अभ्यर्थी जो नियमित चरण में प्रवेश नहीं ले सके हैं, उनके लिए रिक्त सीटों पर प्रवेश पाने का यह अवसर होगा.
ALSO READ:शराब पीला कर की हत्या , तीन दोस्तों ने गला रेतकर शव गोबर के ढेर में छिपाया.
बीएचयू प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर स्पॉट राउंड के लिए पंजीकरण पूरा करें, प्रवेश से जुड़ी जानकारी, सीट आवंटन और अन्य आवश्यक अपडेट के लिए अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के आधिकारिक प्रवेश पोर्टल को नियमित रूप से देखते रहें.



