जमीन विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत कई लोग भिड़े, वीडियो वायरल...

वाराणसी:जैतपुरा थाना क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी में जमीन को लेकर चल रहा पुराना विवाद गुरुवार को फिर भड़क गया.दो पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया, जिसमें दो महिलाएं घायल हो गईं.घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे, लात-घूंसे चले.वायरल वीडियो में भी कई लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं. घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है.
एक पक्ष की ओर से 20 वर्षीय शालू यादव ने राजेश राय और अजीत राय के खिलाफ मारपीट व उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है. वहीं दूसरे पक्ष से राजेश राय ने शालू यादव, मुन्नी समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज कराया है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि संपत्ति को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है और पूर्व में भी कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी है. मारपीट में घायल हुई महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया गया है.
जैतपुरा थाना प्रभारी उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पुराना विवाद है.कुछ दिन पहले भी दोनों पक्षों में कहासुनी हुई थी.दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है.वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी.



