IIT BHU में बनेगा सेंटर फॉर इनोवेशन, इंक्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप, स्टार्टअप को मिलेगा नया मंच...
वाराणसी. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT) बीएचयू में नवाचार को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है. संस्थान में जल्द ही सेंटर फॉर इनोवेशन, इंक्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (CIIE) की स्थापना होगी. इस केंद्र का उद्देश्य छात्रों, शोधार्थियों और शिक्षकों के अभिनव विचारों को केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित न रखकर उन्हें उद्योग और बाजार तक पहुंचाना है, ताकि नए स्टार्टअप विकसित हो सकें और रोजगार के नए अवसर तैयार हों.

इस केंद्र की स्थापना को 12 मई 2026 को आयोजित बोर्ड ऑफ गवर्नर्स (BoG) की 24वीं बैठक में मंजूरी दी गई थी. इसके बाद रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है. अब केंद्र की स्थापना की औपचारिक प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है.

CIIE छात्रों और शोधकर्ताओं के लिए एक ऐसा मंच होगा, जहां उन्हें अपने आइडिया को व्यवसायिक रूप देने के लिए हर स्तर पर सहयोग मिलेगा. यहां तकनीकी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, अनुभवी मेंटर्स की सलाह, उद्योग जगत से संपर्क, निवेशकों तक पहुंच, कानूनी सहायता और स्टार्टअप शुरू करने से जुड़ी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी.
ALSO READ : मीट-मछली कारोबार पर रोक के विरोध में कांग्रेस, आप व सामाजिक संगठनों ने नगर निगम को सौंपा ज्ञापन...
संस्थान का मानना है कि आज के दौर में केवल शोध करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि शोध के परिणामों को समाज और उद्योग के लिए उपयोगी बनाना भी जरूरी है. यही वजह है कि CIIE के माध्यम से रिसर्च को व्यावसायिक उत्पाद और सेवाओं में बदलने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.
इस पहल से IIT BHU का स्टार्टअप इकोसिस्टम और मजबूत होने की उम्मीद है. साथ ही युवा छात्रों में उद्यमिता की भावना विकसित होगी, जिससे वे भविष्य में केवल नौकरी तलाशने वाले नहीं बल्कि रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी बन सकेंगे. संस्थान को विश्वास है कि यह केंद्र आने वाले समय में पूर्वांचल सहित देlशभर के नवाचार और स्टार्टअप परिदृश्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.



