बरेका केंद्रीय चिकित्सालय में अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस पर भव्य आयोजन, नर्सों ने ली सेवा की शपथ...

वाराणसी: बनारस रेल इंजन कारखाना (Banaras Locomotive Works) के केंद्रीय चिकित्सालय में मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का आयोजन महाप्रबंधक आशुतोष पंत के दिशा-निर्देशन तथा प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश कुमार के नेतृत्व में हुआ.
दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
समारोह की शुरुआत मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर की गई. इस अवसर पर नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सा कर्मियों ने कैंडल लाइट के साथ शपथ ग्रहण करते हुए मरीजों की सेवा के प्रति अपने समर्पण को दोहराया.
फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में फ्लोरेंस नाइटिंगेल को श्रद्धांजलि अर्पित की गई. अधिकारियों ने उनके जीवन और कार्यों पर प्रकाश डालते हुए नर्सिंग पेशे को मानवता की सेवा का सर्वोच्च माध्यम बताया.
नर्सों की भूमिका पर विशेष जोर
प्रमुख मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने इस वर्ष की थीम “हमारी नर्सें, हमारा भविष्य – सशक्त नर्सें जीवन बचाती हैं” पर विचार व्यक्त किए. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ नर्सें हैं, जो मरीजों की देखभाल, दवा प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं.
ALSO REDA:बरेका तरणताल का ग्रीष्मकालीन सत्र शुरू, महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने किया उद्घाटन...
वक्ताओं ने दिए प्रेरणादायक संदेश
कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल चिकित्साधिकारी डॉ. मधुलिका सिंह, डॉ. एस.के. मौर्य और डॉ. मिन्हाज अहमद ने भी अपने विचार रखे. वहीं डॉ. सौरभ सागर ने अपनी स्वरचित कविता के माध्यम से नर्सों के योगदान को सम्मानित किया.
काशी हिंदू विश्वविद्यालय की प्रवक्ता डॉ. पूनम सिंह ने नर्सों को वर्क-लाइफ बैलेंस बनाए रखते हुए सेवा भावना को और मजबूत करने की प्रेरणा दी.
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और चिकित्सा कर्मी उपस्थित रहे. सभी ने नर्सिंग सेवाओं के महत्व और मरीजों की बेहतर देखभाल के संकल्प को दोहराया.



