भाजपा के सभी 13 मंडलों में हुई आत्मनिर्भर मंडल बैठक, संगठन विस्तार और जनकल्याण योजनाओं पर चर्चा...

वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी महानगर के तत्वावधान में शनिवार को महानगर के अंतर्गत आने वाले सभी 13 मंडलों में सायं 6 बजे से आत्मनिर्भर मंडल बैठकों का आयोजन किया गया. इसी क्रम में बागेश्वरी मंडल की बैठक महानगर कार्यालय गुलाब बाग में संपन्न हुई.
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा के पूर्व महानगर महामंत्री चंद्रशेखर उपाध्याय ने “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” विषय पर विस्तार से चर्चा की. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं. केंद्र सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है, जिससे आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूती मिली है.
उन्होंने संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए कहा कि प्रत्येक मंडल स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी भाग लेंगे. इसके साथ ही बूथ समितियों की नियमित बैठकें आयोजित करने, शक्ति केंद्रों पर संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ाने तथा पन्ना प्रमुखों से सतत संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया गया. उन्होंने कहा कि बूथ पालकों की भूमिका संगठन को मजबूत बनाने में अत्यंत महत्वपूर्ण है.
चंद्रशेखर उपाध्याय ने बताया कि 11 जून को प्रदेश स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 13 और 14 जून को जिला स्तर पर मीडिया संवाद कार्यक्रम संपन्न होंगे. इन कार्यक्रमों में प्रभारी मंत्री, सांसद, महापौर, विधायक और जिला अध्यक्ष सहभागिता करेंगे.
ALSO READ :लहरतारा चौकी पुलिस की तत्परता, भटके बालक को सकुशल परिजनों तक पहुंचाया...
बैठक में संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के विषय पर भी विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक के अंत में मंडल अध्यक्ष मनोज सोनकर ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया. कार्यक्रम में पार्षद सिद्धनाथ शर्मा, सुशील गुप्ता, अमित मौर्य, राजेंद्र यादव, सत्यप्रकाश जायसवाल, मनोज कुमार विश्वकर्मा, आशीष कृष्ण अग्रहरी, विभूति नारायण मौर्या, संजीव कुमार जायसवाल, शिवनाथ गुप्ता, प्रेमचंद मौर्या, अश्वनी गुप्ता, कमलावती देवी, कांति दीक्षित, वंदना श्रीवास्तव, सरस्वती मिश्रा एवं मोनिका पाण्डेय सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.



