वाराणसी में बुआ की अंत्येष्टि में गए भतीजे और दोस्त की गंगा में डूबने से मौत, परिवार में पसरा मातम

वाराणसी- रोहनिया थाना क्षेत्र के बेटावर घाट पर एक दुखद घटना घटी, जहां बुआ की अंत्येष्टि में गए भतीजे और उसके दोस्त की गंगा में स्नान करते समय डूबने से मौत हो गई. घटना की सूचना के बाद पुलिस ने एनडीआरएफ की मदद से दोनों के शव बरामद कर लिए. जानकारी के अनुसार, आशापुर नंदूपुर थाना सारनाथ के निवासी धीरज ने पुलिस को सूचित किया कि रोहनिया क्षेत्र के बंदेपुर के निवासी लालजी पटेल की माता जी का दाह संस्कार बेटावर घाट पर किया जा रहा था.

इस अंत्येष्टि में शामिल रिश्तेदार अजीत कुमार पटेल (19 वर्ष) और हर्ष पटेल (15 वर्ष) निवासी परमानंदपुर थाना शिवपुर गंगा में स्नान करते समय डूब गए. घटनास्थल पर थाना प्रभारी निरीक्षक रोहनिया राजू सिंह और चौकी प्रभारी अखरी विशाल सिंह ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थानीय गोताखोरों और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया. गोताखोरों ने हर्ष पटेल, जो भाई लाल पटेल का पुत्र था, का शव बाहर निकालकर ट्रामा सेंटर भेज दिया.
स्थानीय लोगों ने बताया कि अंत्येष्टि के बाद सभी लोग घाट के ऊपर पानी पी रहे थे. इसी दौरान जब दो लड़कों का कपड़ा घाट पर पड़ा देखा गया, तो खोजबीन शुरू की गई. खोजबीन के दौरान पता चला कि दोनों लड़के गंगा में डूब गए हैं. स्थानीय लोग इस दुखद घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया. परिजनों ने पुलिस को बताया कि परमानंदपुर निवासी भैयालाल पटेल का इकलौता बेटा हर्ष उर्फ तनु पटेल क्षेत्र के विकास इंटरमीडिएट कॉलेज का छात्र था.

वहीं, तेजू पटेल का बेटा अजीत पटेल बिजली विभाग में मजदूरी करता था. दोनों के बीच अच्छी दोस्ती हो गई थी. अजीत पटेल अपने भाइयों में दूसरे नंबर पर था. अजीत के एक भाई सुजीत पटेल की 12 साल पहले मौत हो चुकी थी. अजीत और अजय दो भाई परिवार में थे. बेटे की मौत पर अजीत पटेल की मां मुनका देवी और पिता तेजू पटेल का रो-रोकर बुरा हाल है.

रोहनिया इंस्पेक्टर राजू सिंह ने बताया कि दोनों शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. पुलिस प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे जल में स्नान करते समय सतर्क रहें और किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए संपर्क करें। इस घटना ने एक बार फिर से जल सुरक्षा के महत्व को उजागर किया है.



