रक्षाबंधन पर बाबा काशी विश्वनाथ को अर्पित हुई आस्था की राखी, बाबा रुद्राक्ष के झूले पर विराजमान

वाराणसी : रक्षाबंधन के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा विश्वेश्वर का विशेष श्रृंगार किया गया. प्रेम, विश्वास और रक्षा के इस पर्व पर मंगला आरती में भगवान को आस्था की पावन राखी अर्पित की गई. मंगला आरती के बाद आम भक्तों के लिए कपाट खोल दिए गए. सावन पूर्णिमा के दिन महादेव सपरिवार झूलनोत्सव मनाते हैं, जिसमें बाबा रुद्राक्ष के झूले पर विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे.
मंदिर में भोर से ही भक्तों की भीड़ उमड़ी रही. रक्षाबंधन के इस पावन पर्व पर काशीवासी भोलेनाथ को राखी चढ़ाते हैं. यह राखी सामान्य नहीं होती, बल्कि सुगंधित फूलों से बनाई जाती है. भक्त विशेषकर महिलाएं महादेव को यह राखी अर्पित करती हैं. कई महिलाएं इस पर्व पर महादेव को राखी अर्पित करने के बाद प्रसाद में मिली राखी को अपने भाइयों की कलाई पर बांधती हैं, इस कामना के साथ कि महादेव उनके भाइयों की रक्षा करें.

ALSO READ:महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों पर गरजी पुलिस : चेन लुटेरा और दुष्कर्म आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार...
रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के रिश्ते को और मजबूत बनाता है. इस दिन बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करती हैं. वहीं, भाई अपनी बहनों को उपहार देकर उनकी सुरक्षा का वचन देते हैं. इस अवसर पर काशी विश्वनाथ मंदिर में भक्तों की संख्या में वृद्धि देखी गई, जो इस पर्व की महत्ता को दर्शाता है. मंदिर में आयोजित झूलनोत्सव में भक्तों ने बाबा विश्वेश्वर के दर्शन किए और उनकी कृपा प्राप्त की. इस दौरान भक्तों ने अपने-अपने मनोकामनाएं भी कीं. काशी विश्वनाथ मंदिर में आस्था का सैलाब भी सावन माह के आखिरी दिन उमड़ा तो बाबा दरबार भी बम- बम हो गया. रक्षाबंधन के अवसर पर बाबा विश्वेश्वर को अर्पित की गई आस्था की राखी ने भक्तों के दिलों में एक नई उमंग और विश्वास का संचार किया.



