युवक ने पुलिसकर्मियों को पीटा, परिजन बोले- मानसिक रूप से अस्वस्थ

वाराणसी: कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल के बाहर मंगलवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक युवक ने पुलिसकर्मियों के साथ हाथापाई शुरू कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया. युवक की पहचान पियरी निवासी मुकेश यादव पुत्र पारसनाथ यादव के रूप में हुई है. वायरल वीडियो में युवक पुलिसकर्मी को पीटते दिख रहा है.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक अस्पताल परिसर के बाहर अचानक उग्र हो गया और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों से उलझ गया. वायरल वीडियो में वह पहले पुलिस जीप में बैठे चालक से हाथापाई करता दिखाई दे रहा है. इसके बाद उसने मौके पर मौजूद दारोगा और सिपाही के साथ भी अभद्र व्यवहार किया.
सूचना के बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद युवक को काबू में किया. पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया. पुलिस ने उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी. पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि मुकेश मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका उपचार चल रहा है. परिवार के मुताबिक उसे एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया गया था, जहां से वह ताला तोड़कर निकल गया था. इसके बाद वह कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल पहुंच गया.

ALSO READ: करंट की चपेट में आने से IIT BHU में इंटर्नशिप कर रहे छात्र की मौत, परिवार में पसरा मातम
इंस्पेक्टर कोतवाली दयाशंकर सिंह ने बताया कि युवक का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है. प्रारंभिक जानकारी में उसके मानसिक रूप से अस्वस्थ होने की बात सामने आई है. मामले की जांच की जा रही है. वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.



