वाराणसी में पेइंग गेस्ट हाउस में पत्नी संग ठहरे छत्तीसगढ़ के युवक की मौत, पी रखी थी शराब...

वाराणसी : सिगरा थाना क्षेत्र की विजयनगर कॉलोनी, मलदहिया के मंजू विला पेइंग गेस्ट हाउस के कमरा नंबर 11 में ठहरे नितेश शर्मा (39) की गुरुवार की देर शाम तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. नितेश शर्मा रायपुर (छत्तीसगढ़) के निवासी और रायपुर में एक समाचार संस्थान में पत्रकार थे. उन्होंने अपनी पत्नी खुशबू के साथ एक पेइंग गेस्ट हाउस में दोपहर दो बजे कमरा बुक किया था. मौके पर एसीपी चेतगंज शुभम सिंह पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया. परिजनों को मामले की सूचना दे दी गई है.

पुलिस के अनुसार, नितेश शर्मा और पत्नी खुशबू ने दोपहर दो बजे पेइंग गेस्ट हाउस में प्रवेश किया था. चार बजे रिसेप्शन पर सूचना मिली कि कमरे में एक व्यक्ति की तबीयत खराब हो गई है. सूचना के बाद थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा मौके पर पहुंचे और नितेश को गंभीर हालत में कबीरचौरा अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने मौके पर फील्ड यूनिट को बुलाकर जांच शुरू कर दी है. पत्नी से भी पूछताछ की गई.
ALSO READ : वाराणसी में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, रेलवे के सीनियर डीएमएम 1.70 लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार...
पूछताछ में पत्नी ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2026 में उनका नितेश से प्रेम विवाह हुआ था. उसके अनुसार, नितेश अत्यधिक शराब का सेवन करते थे और गुरुवार को भी शराब पी रहे थे. इसी दौरान वह अचानक बेड से नीचे गिर गए और उनकी नाक से खून निकलने लगा. इसके बाद उसने रिसेप्शन पर सूचना दी, जिसके बाद नितेश को अस्पताल ले जाया गया. थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि परिजनों से संपर्क कर लिया है. शुक्रवार को परिजनों के वाराणसी पहुंचने की संभावना है. परिजनों के आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी.



