सड़क पार करते समय तेज रफ्तार ट्रक ने ली युवक की जान, परिवार में पसरा मातम

वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र के दानियालपुर निवासी 36 वर्षीय अभिलाष मिश्रा की सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. पांडेयपुर रिंग रोड के पास सड़क पार करते समय वह तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई. बताया जा रहा है कि अभिलाष मिश्रा दवा का कारोबार करते थे और सोमवार सुबह किसी कार्य से घर से निकले थे. इसी दौरान सड़क पार करते वक्त यह हादसा हो गया. दुर्घटना इतनी भयावह थी कि उनका शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया, जिससे मौके पर पहचान कर पाना मुश्किल हो गया.

पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. बाद में जेब में मिले आधार कार्ड के जरिए उनकी पहचान हो सकी. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया. पत्नी अनुराधा का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें एक की उम्र करीब चार वर्ष और दूसरा अभी डेढ़ वर्ष का है. स्थानीय लोगों के अनुसार अभिलाष बेहद सरल स्वभाव के व्यक्ति थे और हमेशा दूसरों की मदद के लिए आगे रहते थे. दवा का व्यवसाय होने के कारण वह जरूरतमंदों को अक्सर नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराते थे. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे के बाद फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है.
युवक ने फंदे से लटक कर दी जान
जिले के शिवपुर थाना क्षेत्र के चांदमारी मीरापुर बसही इलाके में सोमवार सुबह एक युवक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस को सुबह करीब 9 बजे सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर विधिक कार्रवाई शुरू की.

यह भी पढे़ें: कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल BHU पहुंचा, धरनारत संविदा कर्मियों को दिया समर्थन
पुलिस जांच में मृतक की पहचान कुलदीप कुमार (लगभग 30 वर्ष) पुत्र विनोद कुमार, निवासी आजमगढ़ के रूप में हुई है. वह वर्तमान में शिवपुर क्षेत्र के नवलपुर, मीरापुर बसही में किराए के मकान में अकेले रह रहा था. मकान मालिक द्वारा सूचना दिए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक ने कमरे में पंखे से सफेद रस्सी के सहारे फांसी लगाकर जान दे दी. घटना के बाद पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है, ताकि साक्ष्य जुटाए जा सके. घटना की जानकारी मृतक के परिजनों को दे दी गई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस के अनुसार, फिलहाल आत्महत्या के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं.



