सेना भर्ती की तैयारी में लगे युवक की डंपर ने ली जान, ग्रामीणों ने किया हाईवे जाम

वाराणसी : सेना भर्ती की तैयारी कर रहे एक युवक की तेज रफ्तार डंपर ने जान ले ली. यह दर्दनाक हादसा चौबेपुर थाना क्षेत्र के मोलनापुर के पास हाईवे पर मंगलवार की सुबह हुआ. युवक अपने परिवार का इकलौता बेटा था. हादसे के बाद युवक के परिवार में मातम पसर गया. वहीं ग्रामीणों ने चक्काजाम कर कार्रवाई और मुआवजे की मांग की. पुलिस एवं स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, ढकवा कला गांव निवासी 18 वर्षीय आकाश निषाद मंगलवार की भोर रोज की तरह सेना भर्ती की तैयारी करने साइकिल से निकला था. इसी बीच गाजीपुर की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार अज्ञात डंपर पीछे से उसे जोरदार टक्कर मारकर फरार हो गया. टक्कर इतनी भीषण थी कि आकाश के सिर में गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

पुलिस ने दिया हरसंभव मदद दिलाने का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने शव सहित हाईवे पर चक्का जाम करके प्रदर्शन शुरू कर दिया. थाना प्रभारी इंदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. करीब दो घंटे तक चले विरोध के बाद थाना प्रभारी द्वारा हर संभव मदद दिलाने तथा गहन जांच का आश्वासन दिए जाने पर ग्रामीणों ने धरना व चक्का जाम समाप्त किया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. बताया जा रहा है कि आकाश तीन बहनों का इकलौता भाई था. दो बहनों की शादी हो चुकी है. होनहार बेटे की अचानक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. पुलिस ने मृतक के परिजनों को आश्वासन दिया है कि फरार डंपर चालक की तलाश की जा रही है और उसे जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही, पीड़ित परिवार को उपलब्ध आर्थिक सहायता दिलाने का भी भरोसा दिलाया है.
ALSO READ : अवैध धर्मांतरण के आरोप में चार गिरफ्तार, गरीब असहाय को बना रहे शिकार
दो गांवों में तीन मंदिरों में तोड़फोड़
चौबेपुर थाना क्षेत्र में सोमवार की रात अराजक तत्वों ने दो गांवों में तीन मंदिरों की पवित्र मूर्तियों को तोड़कर धार्मिक भावनाओं को गहरी चोट पहुंचाई है, जिससे पूरे इलाके में आक्रोश और बेचैनी फैल गई है. जानकारी के अनुसार, मुनारी गांव में दो अलग-अलग स्थानों पर हनुमान जी तथा नटवा बीर बाबा की मूर्तियां तोड़ी गईं. वहीं, लटौनी गांव के एक मंदिर में शिवलिंग तथा राधा-कृष्ण की मूर्तियों को भी भारी नुकसान पहुंचाया गया. मूर्ति-भंजन का यह सिलसिला सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक का माना जा रहा है.सुबह जब ग्रामीणों को इस बर्बरता की जानकारी मिली तो सनसनी फैल गई.



