नौकरी दिलाने के नाम पर 8 लाख की ठगी, 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार.

वाराणसी: नौकरी दिलाने के नाम पर करीब आठ लाख रुपये की ठगी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को कपसेठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को जौनपुर के उमरपुर स्थित सुन्दर कॉलोनी, वाजिदपुर के पास से मुखबिर की सूचना पर पकड़ा। आरोपी की पहचान अरविन्द तिवारी (45) निवासी सुभाषपुर पाली, थाना मड़ियाहूं, जौनपुर के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ कपसेठी थाने में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी और रकम हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज है। मामले में आरोपी लगातार फरार चल रहा था, जिसके चलते पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के आदेश पर उसकी गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
नौकरी लगवाने के नाम पर लिए करीब 8 लाख रुपये
मामले में वादी शिवम सिंह ने पुलिस को बताया था कि उसके परिचित अनुज कुमार ने उसके छोटे भाई की नौकरी लगवाने के नाम पर उसकी मुलाकात अरविन्द तिवारी से कराई थी। आरोप है कि नौकरी लगवाने का भरोसा देकर आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में करीब आठ लाख रुपये लिए। इनमें करीब 4.10 लाख रुपये आरटीजीएस के जरिए अरविन्द तिवारी के खाते में भेजे गए थे।
ALSO READ : छात्राओं को मिशन शक्ति के तहत किया जागरूक, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के बताए उपाय.
काफी समय बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो वादी ने अपनी रकम वापस मांगी। आरोप है कि आरोपी ने रकम लौटाने के बजाय टाल-मटोल की और धमकी भी दी। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर कपसेठी थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कपसेठी थाने में वर्ष 2025 में दर्ज मुकदमे के अलावा जौनपुर के मड़ियाहूं थाने में वर्ष 2023 में धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा लखनऊ के विभूतिखंड थाने में वर्ष 2020 में धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचित दस्तावेजों से संबंधित मुकदमा भी दर्ज है। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस जुटा रही है।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में कपसेठी थानाध्यक्ष विकास कुमार, उपनिरीक्षक मधुसूदन त्रिपाठी, उपनिरीक्षक करुणा सागर तिवारी, उपनिरीक्षक शशांक राय, रिजर्व आरक्षी रामआशीष कुमार और रिजर्व महिला आरक्षी मीरा कुमारी शामिल रहीं।



