वाराणसी में फर्जी क्लीनिक पर एक्शन, संचालक के खिलाफ केस दर्ज
वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र के दानगंज बाजार में संचालित एक कथित फर्जी क्लीनिक के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया है. उप जिलाधिकारी (सदर) नितिन सिंह की जांच में अनियमितताएं मिलने के बाद क्लीनिक को सील किए जाने के पश्चात अब संबंधित संचालक के खिलाफ चोलापुर थाने में केस दर्ज कराया गया है.

जानकारी के मुताबिक चोलापुर के दानगंज बाजार स्थित गौतम बाल इलेक्ट्रो होम्योपैथिक चिकित्सालय का पिछले दिनों उप जिलाधिकारी (सदर) द्वारा औचक निरीक्षण किया गया था. निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय के संचालन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई. प्रशासनिक कार्रवाई के तहत चिकित्सालय को मौके पर ही सील कर दिया गया तथा चिकित्सक के प्रमाण-पत्र सहित अन्य अभिलेखों को जब्त कर लिया गया. बताया जाता है कि मामले की जांच के उपरांत उप जिलाधिकारी (सदर) नितिन सिंह एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार वाराणसी ने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की संस्तुति की थी.

इसी क्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोलापुर के अधीक्षक आरबी यादव ने संचालक विजय कुमार गौतम के विरुद्ध चोलापुर थाने में तहरीर दी. तहरीर के आधार पर चोलापुर थाने में संबंधित चिकित्सक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है और जब्त अभिलेखों की भी जांच की जा रही है. क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित क्लीनिकों के विरुद्ध हुई इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की सक्रियता चर्चा का विषय बनी हुई है.
वहीं, कार्रवाई की सूचना फैलते ही क्षेत्र के अन्य बिना मान्यता अथवा संदिग्ध रूप से संचालित चिकित्सालयों में भी हलचल देखी जा रही है. सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक आर.बी. यादव ने बताया कि बिना वैध अनुमति अथवा नियमों के विपरीत संचालित चिकित्सा संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
ALSO READ: CMO के निरीक्षण में वाराणसी CHC की खुली पोल, अधीक्षक से मांगा स्पष्टीकरण



