दूध पर महंगाई की मार: अमूल ने बढ़ाए दाम, आज से पूरे देश में लागू हुई नई कीमतें

वाराणसी: देश की प्रमुख डेयरी कंपनी अमूल ने गुरुवार 14 मई से दूध की कीमतों में बढ़ोतरी लागू कर दी है. कंपनी ने विभिन्न दूध उत्पादों के दाम में ₹1 से ₹2 प्रति पैकेट तक की वृद्धि की है. नई कीमतें आज सुबह से पूरे देश में लागू हो चुकी हैं, जिसका असर सीधे आम लोगों की रसोई के बजट पर पड़ने वाला है.
नई दरों के अनुसार अब अमूल ताजा 1 लीटर दूध ₹57, टी स्पेशल ₹66, भैंस दूध 500 एमएल ₹39 और अमूल गोल्ड 500 एमएल ₹35 में मिलेगा. वहीं कई 500 एमएल पैकेटों की कीमत में ₹1 और 1 लीटर वाले पैक पर ₹2 तक की बढ़ोतरी की गई है.
कंपनी का कहना है कि पशु चारा, पैकेजिंग सामग्री, बिजली और परिवहन खर्च में लगातार बढ़ोतरी के कारण दूध उत्पादन की लागत बढ़ गई है. इसी को देखते हुए कीमतों में संशोधन करना जरूरी हो गया था.
गुजरात कोऑपरेटिव मिल्क मार्केटिंग फेडरेशन (GCMMF) के अधिकारियों के मुताबिक किसानों को बेहतर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए दूध खरीद दरों में भी इजाफा किया गया है. उत्पादन लागत बढ़ने का सीधा असर अब बाजार कीमतों पर दिखाई दे रहा है.
ALSO READ:ट्रैक्टरों की बैटरी चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, ऑटो समेत दो आरोपी गिरफ्तार...
अमूल के साथ-साथ मदर डेयरी ने भी दूध के दाम बढ़ाने की घोषणा कर दी है. इससे डेयरी उत्पादों की कीमतों में व्यापक असर देखने को मिल सकता है.
महंगाई के दौर में दूध की कीमत बढ़ने से आम परिवारों की चिंता बढ़ गई है. सोशल मीडिया पर भी लोग इस फैसले को लेकर लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं. कुछ उपभोक्ताओं ने इसे आम आदमी पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया है, जबकि कुछ लोगों का कहना है कि किसानों को उचित कीमत दिलाने के लिए यह कदम जरूरी था.
डेयरी विशेषज्ञों का मानना है कि गर्मी के मौसम में दूध उत्पादन घटने और लागत बढ़ने के कारण आने वाले समय में घी, दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है.



