UP-MP के बीच परस्पर सहयोग को लेकर समझौता, निवेश के खुले द्वार

वाराणसी: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अगुवाई में काशी विश्वनाथ मंदिर और महाकाल उज्जैन प्रशासन के बीच भीड़ प्रबन्धन और जीआई टैग, ओडीओपी उद्यम, कारोबार और निवेश में परस्पर सहयोग को लेकर समझौता हुआ. इस अवसर पर पूर्व कैबिनेट मंत्री राकेश सचान और गोपाल गुप्ता नंदी ने उत्तर प्रदेश की समृद्धि को रखा. जीआई उत्पाद, ओडीओपी की उड़ान को विस्तार से साझा किया.

नक्सलवाद की पीड़ा झेल चुका मध्य प्रदेश
सीएम डॉ मोहन यादव ने कहा कि तमाम चुनौतियों के बावजूद देश आज पंख फैलाए आगे बढ़ रहा है. विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बन चुका है, शीघ्र ही तीसरी अर्थव्यवस्था की पंक्ति में होगा. विपक्ष ने जिस लाल सलाम को आगे बढ़ाया, आज प्रधानमंत्री , गृह मंत्री की अगुवाई में इस लाल सलाम को देश आखिरी सलाम बोल रहा है. मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश अंतरराज्यीय सहयोग सम्मेलन में मंगलवार को डा. यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश नक्सलवाद की पीड़ा झेल चुका है.

यह भी पढ़ें: 1 अप्रैल से चीनी CCTV का खेल खत्म, भारत सरकार ने लिया ये बड़ा फैसला
विपक्ष पर निशान साधते हुए कहा कि जिन लोगों ने इसे आगे बढ़ाया, वह भी इसकी चपेट में आ चुके हैं. आज इसका अंत हो चुका है. कभी राज्य आपस में जल बंटवारा को लेकर लड़ते थे, अब ऐसा नहीं होता. सुशासन की उत्कृष्ट मिसाल पेश हो रही है. उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बीच केन बेतवा विवाद का अंत इसी का हिस्सा है. कांग्रेस ने खूब सपने दिखाए लेकिन पीएम मोदी ने इसे कर दिखाया, आज बुंदेलखंड की तस्वीर बदल रही है. एक हजार करोड़ यहां के विकास पर खर्च हो रहे हैं, इसमें यूपी और मध्य प्रदेश सिर्फ दस प्रतिशत तो नब्बे प्रतिशत केंद्र खर्च कर रहा है.

मध्य प्रदेश के मुरैना में सोलर परियोजना
विकास की इसी कड़ी में मध्य प्रदेश के मुरैना में सोलर परियोजना पर बड़ा काम होने जा रहा है. 2000 मेगावाट की यह परियोजना दोनों ही राज्यों के किसानों के लिए खास लाभकारी होगा. डॉ मोहन यादव ने मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के सदियों के रिश्ते को मार्मिक ढंग से रखते हुए कहा कि राम के बनवास के 11साल चित्रकूट में गुजारने, तुलसीदास की रचना फिर राम का अयोध्या में राज्याभिषेक यह दोनों ही राज्यों के अटूट संबंध को दर्शाते है. कहा कि नव्य भव्य काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल की भव्यता के बाद बदली धार्मिक पर्यटन की तस्वीर कई नई संभावनाएं दिखा रही हैं. दोनों ही राज्यों के परस्पर सहयोग से आगे इस दिशा में व्यापक कदम बढ़ेंगे.

एमपी सरकार निवेश को लेकर दें रही कई सुविधाएं
मध्य प्रदेश सरकार निवेश को लेकर कई सुविधाएं दे रही है. इस सम्मेलन में आए उद्यमियों को न्यौता देता हूं आइए मध्य प्रदेश में 300 बेड का मेडिकल कालेज खोलिए. एक रुपए में तीस एकड़ जमीन देंगे. मेडिकल की पढ़ाई के लिए युवाओं को लोन भी देंगे. शर्त सिर्फ इतना रहेगा कि डाक्टर बनने के बाद उसे पांच से छह साल तक मध्य प्रदेश में सेवा देनी होगी. इसी प्रकार होटल समेत अन्य उद्यम स्थापना के लिए भी सरकार की ओर से सब्सिडी दी जा रही है. मध्य प्रदेश 70 हजार करोड़ का निर्यात कर नई उड़ान भर रहा है.



