अक्षय तृतीया आज, सोना खरीदना बहुत शुभ

Akshaya Tritiya today, buying gold is very auspicious
अक्षय तृतीया का पर्व आज रविवार को बड़े ही धूम-धाम के साथ मनाया जा रहा है, इस दिन का हिंदू और जैन धर्म में बड़ा ही महत्व है. मान्यता है कि इस दिन किया गया निवेश या शुभ कार्य का पूरा-पूरा फल मिलता है. ये 'अक्षय' यानी कभी नहीं खत्म होने वाला होता है. इस दिन किया गया निवेश लगातार बढ़ता रहता है. इसलिए आज के दिन सोना खरीदना बहुत शुभ माना जाता है. ये कभी न खत्म होने वाली संपत्ति का संकेत माना जाता है. इसी के साथ ही, सोने को मां लक्ष्मी से भी जोड़कर देखा जाता है और आज के दिन सोना, घर में लाना समृद्धि का प्रतीक माना जाता है. अब सवाल ये भी है कि ये सोना शुद्ध होना चाहिए. इसके लिए सोने की शुद्धता के बारे में आपको जानकारी होनी चाहिए.

'अक्षय तृतीया' पर सोना खरीदने का जानें महत्व
सोना एक ऐसा निवेश भी है जो समय के साथ अपनी वैल्यू, अपनी कीमत बनाए रखता है. यही वजह है कि 'अक्षय तृतीया' पर देश भर में सोने की खरीदारी बढ़ने लगती है. लेकिन जरूरी बात वही कि सोना खरीदते समय इसकी असली पहचान और शुद्धता जांचना बेहद जरूरी होता है. सही जानकारी के बिना कई बार लोग सोने की जगह गोल्ड-प्लेटेड या कम शुद्धता वाला सोने का आभूषण खरीद लेते हैं. ऐसे में कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखकर आप सुरक्षित और समझदारी भरी खरीदारी कर सकते हैं.

पूजा का शुभ मुहूर्त
अगर आप विधि-विधान से पूजा करना चाहते हैं, तो सबसे उत्तम समय आज सुबह 10:49 बजे से 12:20 बजे तक माना गया है. यह लगभग डेढ़ घंटे का समय बेहद शुभ है, जिसमें भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने से विशेष फल मिलने की मान्यता है
सोना खरीदते समय इन बातों का जरूर ध्यान दें
पहला है बीआईएस (BIS) का लोगो, जो एक छोटा त्रिकोणीय निशान होता है और ये बताता है कि आभूषण, भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा प्रमाणित है. आज के डिजिटल दौर में सोने की शुद्धता की जांच आप अपने मोबाइल से भी कर सकते हैं. इसके लिए सरकार का BIS केयर ऐप डाउनलोड करें. इस ऐप में 'वेरिफाई एचयूआईडी' ऑप्शन में ज्वेलरी पर लिखा कोड डालें. इसके बाद आपको ज्वेलर का नाम, हॉलमार्किंग सेंटर, तारीख और शुद्धता की पूरी जानकारी मिल जाएगी. अगर ऐप में दी गई जानकारी और ज्वेलर के दावे में अंतर हो, तो तुरंत सावधान हो जाएं.
![]()
Also Read: IMS-BHU में IASTM तकनीक पर राष्ट्रीय कार्यशाला, कौशल को करेंगे उन्नत
सोने की शुद्धता जांचने के लिए आप ज्वेलर से 'कैरेट मीटर' टेस्ट भी करवा सकते हैं. यह एक XRF मशीन होती है, जो बिना नुकसान पहुंचाए सोने में मौजूद धातुओं की सही जानकारी देती है. यह टेस्ट कुछ सेकंड में हो जाता है, इसलिए बिलिंग से पहले इसे अपने सामने करवाना आपका अधिकार है. इसके अलावा, एक आसान तरीका मैग्नेट टेस्ट भी है. असली सोना चुंबक से चिपकता नहीं है. अगर आपका आभूषण मैग्नेट की ओर खिंचता है, तो उसमें दूसरी धातुओं की मात्रा ज्यादा हो सकती है.



