दालमंडी ध्वस्तीकरण के दौरान सरकारी कर्मचारियों से मारपीट का आरोप, चौक थाने में प्राथमिक दर्ज

वाराणसी : दालमंडी चौड़ीकरण अभियान के तहत शनिवार को काजीपुरा कला क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान सरकारी कर्मचारियों से मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। विकास प्राधिकरण में चपरासी के पद पर तैनात ज्ञानदास ने चौक थाने में तहरीर देकर नामजद समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
25 जुलाई को राजस्व अधिकारी, एसीएम तृतीय, विकास प्राधिकरण की टीम, सहायक पुलिस आयुक्त दशाश्वमेध और चौक थाना पुलिस की मौजूदगी में दालमंडी क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चल रही थी। इसी दौरान मकान संख्या डी-50/221, काजीपुरा कला के सामने सड़क चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाया जा रहा था।
ALSO READ : सिगरा क्षेत्र में मुख्य सड़क धंसने से वाहनों की लगी कतार, जाम में फंसे रहे राहगीर
आरोप है कि इसी दौरान राशिद, शाहिद, हसन, रशीद, अंजुम समेत करीब 14-15 लोग मौके पर पहुंचे और सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि मारपीट में कुछ सरकारी कर्मचारियों को चोटें भी आईं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और कुछ लोगों को हिरासत में लिया।
शिकायतकर्ता ने चौक थाना प्रभारी से तहरीर के आधार पर नामजद एवं अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की मांग की है।



