काशी के लाल अमित कुमार सिंह ने निफ्ट चेन्नई में लहराया परचम, राष्ट्रपति से मिला सम्मान....

वाराणसी : काशी के सीर गोवर्धनपुर निवासी अमित कुमार सिंह ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान, चेन्नई में शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है. अमित ने फैशन डिजाइन में स्नातक पाठ्यक्रम के निटवेयर डिजाइन के चार वर्षीय पाठ्यक्रम (सत्र 2022–2026) में 95 प्रतिशत के समग्र प्रदर्शन के साथ यह उपलब्धि हासिल की.
अमित कुमार सिंह को यह प्रतिष्ठित स्वर्ण पदक भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु द्वारा नई दिल्ली स्थित यशोभूमि (भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन एवं प्रदर्शनी केंद्र) में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान प्रदान किया गया. इसके साथ ही उन्हें 25,000 रुपये का नकद पुरस्कार भी प्राप्त हुआ.
अमित ने राष्ट्रीय फैशन प्रौद्योगिकी संस्थान, चेन्नई में चार वर्षों के दौरान अपनी पढ़ाई के साथ फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया. उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों में भी खुशी की लहर है. अमित की माता शालिनी सिंह, जो गृहिणी हैं, ने बताया कि अमित बचपन से ही मेहनती और लगनशील रहे हैं. उन्होंने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि से पूरा परिवार गौरवान्वित महसूस कर रहा है. अमित के बड़े भाई अमन सिंह भी निशानेबाजी में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं. वहीं उनके पिता महेश कुमार सिंह वरिष्ठ कांग्रेस नेता हैं.
ALSO READ: बरेका के दो अधिकारियों समेत 12 कर्मियों को सेवानिवृत्ति पर दी गई भावभीनी विदाई....
वर्तमान में अमित कुमार सिंह बेंगलुरु स्थित बनाना क्लब कंपनी में कनिष्ठ डिजाइनर के पद पर कार्यरत हैं. पढ़ाई पूरी करने के साथ ही फैशन डिजाइनिंग के क्षेत्र में उन्होंने अपने पेशेवर करियर की भी शुरुआत कर दी है. अमित की सफलता पर परिवार, रिश्तेदारों, शुभचिंतकों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. उनकी यह उपलब्धि काशी के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है.



