ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत वार्षिक आम सभा का हुआ आयोजन, पदाधिकारियों के बदलाव पर चर्चा
वाराणसी: उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अंतर्गत विकासखण्ड सेवापुरी के महादेव महिला प्रेरणा संकुल समिति में वार्षिक आम सभा का आयोजन किया गया. महादेव महिला प्रेरणा संकुल समिति में कुल 22 ग्राम पंचायतों के लगभग 3 हजार महिलायें जुड़ी हैँ. वार्षिक आम सभा में संकुल समितियों द्वारा अपने समूह के सदस्यों के बीच गत वर्ष के आय-व्यय, वर्त्तमान वित्तीय वर्ष की कार्य योजना प्रस्तुत की गयी एवं नये पदाधिकारियों के बदलाव पर चर्चा हुआ. आम सभा के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयं सहायता समूह सदस्यों को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया.

"हमारा सीएफ कैसा हो मां के आंचल जैसा हो"
"हमारा सीएफ कैसा हो मां के आंचल जैसा हो, हमारा ग्राम संगठन कैसा हो उगता सूरज जैसा हो, हमारा समूह कैसा हो दीपक जैसा हो, महिलाओं ने किया कमाल चूल्हे से पहुंची चौपाल" जैसे नारों से गूंज उठा. साथ ही महिलाओं ने हुंकार भरी की समूह के माध्यम से समृद्धि की राह पकड़नी है, कार्यक्रम में एल.आई.सी. के कृष्ण मोहन मिश्र द्वारा बीमा सखी कार्यक्रम के बारे में जानकरी दी गयी.

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला मिशन प्रबंधक श्रवण कुमार सिंह द्वारा महिलाओं को संकुल के कार्य योजना, वैधानिक अंकेक्षण, लखपति महिला कार्यक्रम, उत्पादित उत्पादों के बाजार एवं प्रशिक्षण पर चर्चा की गयी. संकुल अंतर्गत कैडर के कार्यों को विभिन्न स्तर पर अनुश्रवण हेतु सुझाव दिया गया जिससे बेहतर परिणाम प्राप्त किया जा सके.

कार्यक्रम पर भी प्रकाश डाला
कार्यक्रम में आरोहन फाउंडेशन के पंचमी द्वारा वित्तीय सक्षरता कार्यक्रम पर भी प्रकाश डाला गया, कार्यक्रम में विकासखण्ड के प्रमिला मौर्या, रिया, पुष्पा, सरिता व रंजना सहित सैकड़ों दीदियाँ उपस्थित रहीं.
ALSO READ: मुंहबोले चाचा ने 6 साल तक किया दुष्कर्म, पीड़िता ने पुलिस से की मदद की गुहार



