ईयू-भारत मुक्त व्यापार समझौते पर जागरूकता कार्यक्रम, वस्त्र उद्यमियों एवं निर्यातकों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल...

वाराणसी : वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन वस्त्र समिति द्वारा संचालित टेक्सटाइल एक्सपोर्ट फैसिलिटेशन सेंटर (TEFC), वाराणसी द्वारा वस्त्र क्षेत्र की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के उद्देश्य से “ग्लोबल कॉम्पिटिटिवनेस बढ़ाना: टेक्सटाइल सेक्टर के लिए भारत–यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता एवं निर्यात प्रोत्साहन मिशन (EPM)” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. कार्यक्रम का आयोजन 2 सितंबर 2026 को वाराणसी में किया जाएगा.
कार्यक्रम में टेक्सटाइल कमिश्नर, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार, वृंदा मनोहर देसाई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी. कार्यक्रम का उद्देश्य वाराणसी एवं आसपास के क्षेत्रों के वस्त्र निर्माताओं, निर्यातकों, एमएसएमई, हथकरघा तथा मेड-अप उत्पाद निर्माताओं को यूरोपीय संघ के बाजार में उपलब्ध अवसरों एवं निर्यात बढ़ाने के लिए भारत सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों के प्रति जागरूक करना है.
इस अवसर पर भारत–यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (EU–India FTA) से भारतीय वस्त्र क्षेत्र को मिलने वाले संभावित लाभों, यूरोपीय बाजार तक पहुंच, टैरिफ रियायतों, रूल्स ऑफ ओरिजिन, आवश्यक दस्तावेजों, नियामकीय अनुपालन तथा निर्यात अवसरों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.
इसके साथ ही निर्यात प्रोत्साहन मिशन (EPM) के अंतर्गत निर्यातकों एवं एमएसएमई को उपलब्ध सहायता, अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच, ब्रांडिंग, बाजार विकास एवं क्षमता निर्माण से संबंधित विभिन्न पहलों की जानकारी दी जाएगी. विशेषज्ञों द्वारा अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों, उत्पाद अनुपालन, पैकेजिंग एवं लेबलिंग, निर्यात दस्तावेजीकरण, बाजार संबंधी जानकारी तथा विदेशी खरीदारों तक पहुंच बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा.
ALSO READ :डीएम ने बाढ़ राहत शिविरोंका किया औचक निरीक्षण, आवश्यक सुविधाएं मुहैया के दिए निर्देश....
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को TEFC, वाराणसी द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न निर्यात सुविधा सेवाओं, जैसे एफटीए एवं टैरिफ संबंधी जानकारी, एचएस वर्गीकरण, रूल्स ऑफ ओरिजिन, नियामकीय अनुपालन, निर्यात बाजार की जानकारी तथा सरकारी योजनाओं के संबंध में मार्गदर्शन की भी जानकारी दी जाएगी.
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर एवं संवाद सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें वस्त्र निर्माता एवं निर्यातक अपनी समस्याओं और निर्यात संबंधी प्रश्नों पर विशेषज्ञों से मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे. TEFC, वाराणसी की यह पहल वाराणसी एवं पूर्वांचल के वस्त्र उद्योग को वैश्विक बाजारों से जोड़ने और क्षेत्र से वस्त्र निर्यात को नई गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.



