बीएचयू में 12 दिसंबर को 106वां दीक्षांत, 61 सदस्यीय 11 समितियों का गठन...

वाराणसी : बीएचयू में दीक्षांत समारोह की तिथि घोषित कर दी गई है. इस वर्ष विश्वविद्यालय का 106वां दीक्षांत समारोह 12 दिसंबर को आयोजित होगा. सुबह 11 बजे स्वतंत्रता भवन में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए उपाधियां और पदक प्रदान किए जाएंगे. समारोह की तैयारियों के लिए 61 सदस्यीय 11 समितियों का गठन कर दिया गया है. कुलसचिव (शिक्षण) कार्यालय ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है. अधिसूचना में सभी 61 प्रोफेसरों और कर्मचारियों के नाम तथा उनके मोबाइल नंबर भी शामिल हैं.
विभिन्न समितियों में विश्वविद्यालय के कई विभागों के प्रोफेसरों और अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है. अपर परीक्षा नियंत्रक प्रो. ज्ञान प्रकाश सिंह को पूरे कार्यक्रम का समन्वयक बनाया गया है. समितियों की बैठकों के बाद पदक विजेताओं और उपाधिधारकों की सूची तैयार की जाएगी. इसके साथ ही दीक्षांत समारोह की अवधि भी तय होगी. परीक्षा नियंत्रक कार्यालय विभागों और संकायों से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर टॉपर्स तथा उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं की सूची तैयार करेगा. इसके अलावा शोभायात्रा, सुरक्षा व्यवस्था, पुरस्कार वितरण, दीक्षांत स्थल की सजावट, आमंत्रण और रखरखाव से संबंधित कार्य भी समितियां ही पूरा करेंगी. इसके लिए अधिकारियों की नियमित बैठकें आयोजित होंगी.
पिछले साल 29 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक
पिछले वर्ष 13,650 उपाधियां प्रदान की गई थीं, जबकि 29 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया था. इनमें दो विद्यार्थियों को चांसलर पदक और दो को स्वर्गीय महाराजा विभूति नारायण सिंह स्वर्ण पदक मिला था. इस वर्ष भी उपाधियों और पदकों की संख्या लगभग इसी के आसपास रहने की संभावना है. हालांकि दो-तीन बैठकों के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
ALSO READ : बीएचयू में छात्रों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई: 36 हमेशा के लिए बाहर, 57 निलंबित
इन्हें मिली जिम्मेदारी
सबसे महत्वपूर्ण डिग्री, पुरस्कार और पदक समिति की अध्यक्ष प्रो. आरती निर्मल होंगी. आमंत्रण समिति का नेतृत्व प्रो. प्रभाकर सिंह करेंगे. स्थल सजावट एवं रखरखाव समिति के संयोजक प्रो. अखिलेश के. पाल, दीक्षांत शोभायात्रा समिति के प्रभारी प्रो. आदित्य त्रिपाठी तथा अकादमिक वस्त्र समिति के संयोजक प्रो. सी.पी. उपाध्याय बनाए गए हैं. भोजन, जलपान, आवास एवं परिवहन समिति के संयोजक प्रो. राकेश सिंह, प्रेस एवं प्रचार समिति के संयोजक प्रो. अनुराग दवे तथा सुरक्षा व्यवस्था समिति के प्रमुख चीफ प्रॉक्टर प्रो. संदीप पोखरिया होंगे. स्वयंसेवक समिति की जिम्मेदारी एनएसएस समन्वयक को दी गई है, जबकि कुलगीत, मंगलाचरण, राष्ट्रगान और ड्रम बीट समिति के संयोजक प्रो. पतंजलि मिश्रा बनाए गए हैं. बैठक व्यवस्था समिति का नेतृत्व डीन प्रो. रंजन कुमार सिंह करेंगे.



