बालू लदे डंपर ने स्कूली छात्रा को कुचला, मौके पर मौत; ग्रामीणों में आक्रोश

वाराणसी. चौबेपुर थाना क्षेत्र के जालूपुरा में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली छात्रा की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बालू से लदे तेज रफ्तार डंपर ने छात्रा को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गए और आक्रोश का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने कच्चा बाबा मंदिर के पास छात्रा का शव रखकर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही चौबेपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए हादसे की जांच शुरू कर दी।
ALSO READ : काशी के पांच पुराने बाजारों को मिलेगा नया रंग-रूप, गलियों में दिखेगी बनारस की विरासत
चौबेपुर इंस्पेक्टर के मुताबिक, परिजनों से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर और उसके चालक को पकड़ लिया है और दोनों को थाने भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया जा रहा है। वहीं, हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है और वे डंपर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



