बरेका फुटबॉल नर्सरी बनी महिला फुटबॉल लीग की सीनियर चैंपियन, कुमायूं हीरोज को 1-0 से हराया

वाराणसी: बरेका परिसर में आयोजित महिला फुटबॉल लीग के सीनियर वर्ग के फाइनल में बरेका फुटबॉल नर्सरी ने कुमायूं हीरोज को 1-0 से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। शनिवार को खेले गए रोमांचक मुकाबले में प्रीति यादव का निर्णायक गोल बरेका फुटबॉल नर्सरी की जीत का आधार बना।
पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी एवं प्रशिक्षक भैरव दत्त के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि बरेका खेलकूद संघ के महासचिव एवं मुख्य अभिकल्प इंजीनियर (विद्युत) अनुराग कुमार गुप्ता तथा विशिष्ट अतिथि बरेका के जन संपर्क अधिकारी राजेश कुमार ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

मुकाबले की शुरुआत से ही दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। दोनों टीमों ने तेज गति, सटीक पासिंग और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। मैच के निर्णायक दौर में प्रीति यादव ने शानदार मूव को गोल में तब्दील कर बरेका फुटबॉल नर्सरी को 1-0 की बढ़त दिला दी।
गोल के बाद कुमायूं हीरोज ने बराबरी के लिए कई हमले किए, लेकिन बरेका नर्सरी की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने उसके प्रयास सफल नहीं हो सके। निर्धारित समय तक स्कोर 1-0 रहा और अंतिम सीटी बजते ही बरेका फुटबॉल नर्सरी की खिलाड़ी जीत की खुशी में झूम उठीं।
ALSO READ: काशी विद्यापीठ में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत विविध कार्यक्रम आयोजित
बरेका फुटबॉल नर्सरी की ओर से प्रीति यादव के साथ अंजलि यादव और रिया ने शानदार तालमेल और आक्रामक खेल दिखाया। वहीं कुमायूं हीरोज की चांदनी पटेल और वंदना ने भी लगातार संघर्ष करते हुए टीम को बराबरी दिलाने का प्रयास किया।
फाइनल देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे। दर्शकों ने तालियों और उत्साहवर्धक नारों से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। मुकाबले के दौरान मैदान का माहौल बेहद रोमांचक बना रहा।
समापन समारोह में अनुराग कुमार गुप्ता और राजेश कुमार ने विजेता बरेका फुटबॉल नर्सरी तथा उपविजेता कुमायूं हीरोज की टीम को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया। अनुराग कुमार गुप्ता ने कहा कि महिला फुटबॉल लीग जैसी प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच देती हैं। इससे महिलाओं में खेल संस्कृति, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा मिलता है।
राजेश कुमार ने आयोजन की सफलता पर आयोजकों, प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बरेका खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयासरत है। ऐसी प्रतियोगिताएं भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।
इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी नरेश यादव, एफसी बनारस के अखिलेश सिंह, विनोद सिंह, पंकज पांडेय, अनिल कुमार सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक मौजूद रहे।



