बरेका के सूर्य सरोवर पर जीवित्पुत्रिका पूजन समारोह, माताओं ने पुत्रों की दीर्घायु की कामना

वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के सूर्य सरोवर पर शनिवार को जीवित्पुत्रिका पूजन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। जीवित्पुत्रिका पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और माताओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पूजा-अर्चना कर अपने पुत्रों की सुख-समृद्धि और दीर्घायु की कामना की।
समारोह में मुख्य अतिथि प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनीष कुमार और विशिष्ट अतिथि प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील मौजूद रहे। सूर्य सरोवर पर पूरे दिन धार्मिक आस्था और उत्सव का माहौल रहा। महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन कर जीवित्पुत्रिका व्रत की परंपरा निभाई।
कार्यक्रम में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। कलाकारों ने विभिन्न प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सुंदर संगम देखने को मिला।
इस दौरान जीवित्पुत्रिका पूजा समिति की ओर से आयोजित सामान्य ज्ञान लिखित प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण से कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों और परिजनों में खासा उत्साह देखने को मिला।
ALSO READ : वाराणसी में 48वें UPISACON 2026 का भव्य शुभारंभ, देशभर से जुटे 350 से अधिक चिकित्सक
समारोह में जीवित्पुत्रिका पूजा समिति के संरक्षक एवं बरेका के मुख्य यांत्रिक इंजीनियर (उत्पादन एवं विपणन) राम जन्म चौबे, सह संरक्षक एवं उप मुख्य अभिकल्प इंजीनियर बी.पी. गुप्ता, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर राजेश कुमार, मनोज कुमार, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राजकुमार गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी राम प्रवेश यादव, समिति के संस्थापक हरिशंकर यादव, अध्यक्ष आर.एन. सिंह, उपाध्यक्ष पंकज श्रीवास्तव, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश सिंह और महामंत्री ऋतुराज सिंह यादव सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
समारोह में बरेका कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों और बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान सूर्य सरोवर परिसर में धार्मिक आस्था, परंपरा और उल्लास का माहौल बना रहा।



