सारनाथ में हनुमान मंदिर से घंटा चोरी कर प्रतिमा तोड़ी, ग्रामीणों में आक्रोश

वाराणसी : सारनाथ थाना क्षेत्र के सथवा बऊली में बीती रात चोरों ने प्राचीन हनुमान मंदिर का घंटा चोरी कर पांच फीट ऊंची प्राचीन प्रतिमा को टुकड़े- टुकड़े कर मंदिर के बाहर फेंक दिए. सुबह खेत की ओर निकले ग्रामीणों की नजर पड़ी तो हड़कंप मच गया. देखते ही देखते मौके पर भीड़ लग गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने टूटी प्रतिमा को एकत्र कर कपड़े में बांध कर अंदर रखवाया.
पुलिस घटना से जुड़ी सीसी फुटेज खंगाल रही है. इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है. बताया जाता हैं कि सथवा के रहने वाले डॉ अरविंद श्रीवास्तव के परिवारीजन के लोगों की जमीन व खेत है. उसी में पुराना पीपल के पेड़ के नीचे प्राचीन हनुमान मंदिर है. बताया गया कि रात में चोरों ने मंदिर का गेट तोड़ कर उसमें लगा घंटा चोरी कर लगभग पांच फीट ऊंची हनुमान की प्रतिमा को टुकड़े-टुकड़े कर मंदिर के बाहर फेंक दिए. जब सुबह छह बजे वीरेंद्र खेत में धान की बुआई के लिए गए तो देखा मंदिर की टूटी प्रतिमा बाहर बिखरी हुई थी.
ALSO READ: काशी में गंगा के 84 घाटों का बाढ़ में भी नहीं टूटेगा संपर्क, करोड़ों की लागत से बन रहे रैंप...
इसकी सूचना डॉ अरविंद, मनोज, सुनील श्रीवास्तव को दी जिस पर देखने के लिए गांव के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई. सूचना पर मौके पर पहुंचे सारनाथ एसीपी व थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी पुलिस बल के साथ पहुंच कर जांच कर सीसी फुटेज खंगाल रहे हैं. इस बाबत तहरीर डॉ. अरविंद श्रीवास्तव ने दी. ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर के चबूतरे पर अराजकतत्व बैठ नशा करते है. अंदेशा है कि उन्होंने ही ऐसा किया होगा. सूचना के बाद एसीपी सारनाथ विनय कुमार द्विवेदी समेत सारनाथ थाने की पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. एसीपी के अनुसार जल्द ही घटना की खुलासा किया जाएगा.



