भाजयुमो कार्यर्ताओं ने फूंका राहुल गांधी का पुतला, बोले- जिन्ना के मुन्ना का किया गया विरोध

वाराणसी- कृत्रिम बुद्धिमता यानी आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस समिट में गलगोटिया यूनिवर्सिटी के प्रकरण के बाद एनएसयूआई के अर्धनग्न होकर प्रदर्शन को लेकर राजनीति गरमा गई है. प्रकरण को लेकर पूरे देश में कांग्रेस और राहुल गांधी के खिलाफ प्रदर्शन हो रहा है. इसी क्रम में शनिवार को वाराणसी जिला मुख्यालय सर्किट हाउस पर भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने राहुल गांधी का पुतला फूंका और उसकी चप्पलों से पिटाई की. भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अमित पांडेय ने कहा- राहुल गांधी देश की छवि खराब कर रहे हैं. ऐसे में जिन्ना के मुन्ना का आज विरोध किया गया.

इसके पहले पुलिस ने पुतला फूंकने से मना किया तो पदाधिकारियों ने इसकी शिकायत संसदीय कार्यालय में करने की बात कही. जिसके कुछ देर बाद पुलिस ने अनुमति दी और पुतला फूंका गया. इस मौके पर प्रदर्शन कर रहे भाजपा युवा मोर्चा के जिला महामंत्री अमित पांडेय ने बताया - देश में एक अच्छा कार्य हो रहा है. एआई समिट हो रहा. उसमें जिस तरह से नग्नता का प्रदर्शन किया गया. वह गलत था, यदि आप को प्रदर्शन करना है तो उसके लिए जगह तय है वहां जाकर आप प्रदर्शन कीजिए. यह पूरी तरह से तुच्छ मानसिकता का प्रतीक है. ऐसे में आज हम लोगों ने विरोध किया है.

कार्यक्रम संयोजक महानगर अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा रजत जायसवाल ने कहा - जिस तरह एआई समिट में राहुल गांधी और उनके कार्यकर्ताओं ने कृत्य किया है उससे देश शर्मसार है. देश में जहां एआई समिट में विश्व के सभी मजबूत लोग मौजूद हैं वहां ऐसा कृत्य निंदनीय है. राहुल गांधी से यही कहना है कि वो जिन्ना का मुन्ना बनना छोड़ दें. सैम पित्रोदे का अनुसरण करना बंद कर दें.

भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को पहले एडीएम सिटी और पुलिस ने रोक दिया. इसके बाद आक्रोशित राजत जायसवाल ने इस बात की शिकायत संसदीय कार्यालय में करने की बात कही और कहा भाजपा की सरकार है सपा की नहीं. इसके कुछ देर बाद ही एडीएम सिटी ने बुलाकर अनुमति दी और राहुल गांधी का पुतला फूंका गया.



