Daily Bulletin Tag
AI गार्गी दैनिक बुलेटिन

वाराणसी में खून से सना छात्रा का शव पीजी में म‍िला, गर्भपात की दवा लेने से अत्‍यधिक रक्तस्त्राव की आशंका...

वाराणसी में खून से सना छात्रा  का शव पीजी में म‍िला, गर्भपात की दवा लेने से अत्‍यधिक रक्तस्त्राव की आशंका...
Jun 11, 2026, 06:57 AM
|
Posted By Diksha Mishra

वाराणसी : सारनाथ थाना क्षेत्र के अकथा स्थित पेइंग गेस्ट हाउस (पीजी) में खून से सना नर्सिंग की एक छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई. उसका शव सीढ़ियों पर पड़ा हुआ था. सूचना के बा पहुंचे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. प्रारंभिक जांच में गर्भपात की दवा लेने के बाद अत्‍यधिक रक्‍तस्राव से मौत होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह स्‍पष्‍ट होगी. फिलहाल पुलिस नर्सिंग कालेज के एक सीनियर छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.


छात्रा बलिया की रहने वाली थी और उसके पिता एक सिपाही हैं. वह परिवार के साथ सारनाथ थाने के पुलिस आवास में रहती थी. स्वजन पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर अपने मूल निवास चले गए. चिकित्सकों का कहना है कि गर्भपात के लिए दवा लेने के कारण छात्रा को अत्यधिक रक्तस्त्राव हुआ, जिससे उसकी जान चली गई. इस मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है. छात्रा की उम्र 19 वर्ष थी और वह जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी (जीएनएम) कोर्स कर रही थी. बुधवार की सुबह, उसने अपनी मां से दो लोगों के लिए लंच बनवाने के बाद कालेज के लिए निकली थी. वह नर्सिंग स्कूल के सामने स्थित तीन मंजिला बिल्डिंग में संचालित होने वाले पीजी में गई. इस बिल्डिंग के पहले तल पर पैथलाजी है, दूसरे तल पर छात्र-छात्राएं रहते हैं और तीसरे तल पर एक बैंक है.


सुबह 11 बजे, एक इलेक्ट्रिशियन बिजली का काम करने के लिए पीजी में गया और उसने छात्रा को सीढ़ियों पर बेसुध पाया. उसने इसकी सूचना समीप स्थित नर्सिंग होम को दी. वहां से आए कर्मचारियों ने उसे नर्सिंग होम ले जाने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों ने देखा कि छात्रा के नीचे के कपड़ों में काफी अधिक खून था. जब छात्रा के स्वजन को उसकी मौत की जानकारी मिली, तो वे सदमे में आ गए. वे समझ नहीं पा रहे थे कि कालेज के लिए घर से निकली उनकी बेटी की मौत कैसे हुई. मृतका दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर की थी.


छात्रा की जांच करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि गर्भपात की दवा लेने के कारण उसकी जान गई. अकथा स्थित नर्सिंग स्कूल की छात्रा की मौत के बाद पुलिस ने पेइंग गेस्ट हाउस की जांच की. पुलिस को प्रारंभिक जांच में जानकारी मिली कि छात्रा का संबंध नर्सिंग कालेज के एक सीनियर छात्र से था. वह उससे मिलने के लिए पीजी में गई थी. चिकित्सकों का मानना है कि छात्रा गर्भवती रही होगी और उसने गर्भपात के लिए दवा ली होगी. पुलिस ने उस छात्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. मृतक और छात्र के मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है. सारनाथ थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी ने बताया कि पीजी में कोई सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था और सीसीटीवी कैमरे की क्वालिटी भी बेहतर नहीं है. नर्सिंग कालेज गर्मियों की छुट्टी के कारण बंद है.


ALSO READ:वाराणसी में बच्‍चों के विवाद ने लिया हिंसक रूप, पड़ोसी ने दुकानदार को गोली मारी...


छात्रा के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं मिले हैं. सूत्रों के अनुसार सीनियर छात्र ने यूट्यूब पर देखकर गर्भपात की दवा उपलब्‍ध कराई थी. पहले भी वह एक बार गर्भपात करा चुका है. एसीपी विदुष सक्सेना का कहना है कि मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट हो पाएगी.

वाराणसी की 30 महिलाएं बनी 'सोलर दीदी', नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
वाराणसी की 30 महिलाएं बनी 'सोलर दीदी', नियुक्ति पत्र पाकर खिले चेहरे
वाराणसी : भारत सरकार की प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत संचालित 'सोलर दीदी' अभियान के तहत वाराणसी में 30 महिलाओं को रोजगार प्रदान किया गया. आर्क सूर्य शक्ति प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित चयन एवं नियुक्ति कार्यक्रम में चयनित महिलाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए. साथ ही उन्हें सौर ऊर्जा से संबंधित तकनीकी प्रशिक्षण, कार्य प्रणाली और जनजागरूकता अभियान से जुड़ी जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई.कार्यक्रम में आर्क सूर्य शक्ति प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक (सीएमडी) अभिषेक सिंह 'चंचल' ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना भारत को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (यूपीनेडा) की भूमिका की भी सराहना करते हुए कहा कि इस योजना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण किसी भी विकसित राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है. 'सोलर दीदी' अभियान महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में नेतृत्व की भूमिका भी प्रदान कर रहा है. चयनित महिलाएं अब लोगों को योजना की जानकारी देंगी और सोलर संयंत्र लगाने के लिए प्रेरित करेंगी.अभिषेक सिंह ने बताया कि आर्क परिवार फाउंडेशन समाज सेवा के अपने संकल्प के तहत सौर ऊर्जा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने का कार्य लगातार कर रहा है. संस्था ऐसे परिवारों तक पहुंच रही है, जो जानकारी के अभाव या आर्थिक कारणों से सोलर संयंत्र नहीं लगवा पा रहे हैं. फाउंडेशन उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, सरकारी सब्सिडी, बैंक ऋण और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी देने के साथ आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराता है. जरूरतमंद परिवारों को संस्था अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग भी प्रदान करती है.ALSO READ: कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तारउन्होंने कहा कि फाउंडेशन कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के माध्यम से उद्योग जगत को भी स्वच्छ ऊर्जा अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रहा है. उनका मानना है कि सरकार, उद्योग, सामाजिक संस्थाओं और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही भारत ऊर्जा आत्मनिर्भर और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार राष्ट्र बन सकता है. उन्होंने कहा कि सौर ऊर्जा अपनाना केवल बिजली बिल कम करने का माध्यम नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी भी है.
कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तार
कैंट स्टेशन के बाहर महिलाओं से अश्लील हरकत, एंटी रोमियो टीम ने दो युवकों को किया गिरफ्तार
वाराणसी: सिगरा थाना क्षेत्र में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने महिलाओं से अश्लील हरकत और अभद्र इशारे करने वाले दो युवकों को एंटी रोमियो टीम ने गिरफ्तार किया है। वहीं मौके पर मौजूद आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर चेतावनी और माफीनामा लेने के बाद सुपुर्द कर दिया गया।पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी रोमियो टीम को सूचना मिली कि कैंट रेलवे स्टेशन के सामने पिलर संख्या 57 से 60 के बीच कुछ युवक आने-जाने वाली महिलाओं को अश्लील इशारे कर परेशान कर रहे हैं। सूचना के आधार पर सादे कपड़ों में पहुंची टीम ने मौके पर जांच की तो शिकायत सही पाई गई।कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अवनीश पांडेय (20 वर्ष), निवासी चौबेपुर, वाराणसी तथा संदीप कुमार यादव (20 वर्ष), निवासी कछवा, मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ सिगरा थाने में मु.अ.सं. 0310/2026 के तहत धारा 296 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।ALSO READ: वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाईइसके अलावा मौके पर मिले आठ अन्य युवकों को उनके परिजनों को बुलाकर भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी गई और माफीनामा लेने के बाद छोड़ दिया गया।यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में एंटी रोमियो टीम प्रभारी उपनिरीक्षक काजोल सिंह, उपनिरीक्षक डाली साहू तथा टीम के अन्य पुलिसकर्मियों द्वारा की गई।
वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी में हेरोइन और नकदी के साथ तस्‍कर गिरफ्तार, सारनाथ पुलिस ने की कार्रवाई
वाराणसी : सारनाथ थाने की पुलिस ने एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से लाखों रुपये मूल्य की 19 ग्राम हेरोइन और 1350 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. आरोपी की तलाश पुलिस कई दिनों से कर रही थी.थाना प्रभारी सारनाथ पंकज कुमार त्रिपाठी ने बताया कि बीती रात सारनाथ पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी. इसी दौरान पुलिस टीम को थाना क्षेत्र के हवेलिया रेलवे क्रॉसिंग स्थित त्रिदेव अपार्टमेंट के पास एक हेरोइन तस्कर के मौजूद होने की सूचना मिली.सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची. रात करीब 11:40 बजे एक युवक अपार्टमेंट की दीवार के किनारे छिपा खड़ा था. पुलिस टीम को देखकर वह अपार्टमेंट की बाउंड्री कूदकर भागने लगा. पुलिस ने पीछा कर उसे कुछ दूर पर उसे दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसकी जेब से हेरोइन का एक पैकेट और 1350 रुपये नकद बरामद हुए.ALSO READ: काशी के कोतवाल ने किया नगर भ्रमण, शोभायात्रा में उमड़ा जनसैलाबपकड़े गए युवक की पहचान मूरत राजभर उर्फ कुत्तू राजभर पुत्र मुन्ना राजभर, निवासी पैगंबरपुर कुआं, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई. पूछताछ में तस्कर ने बताया कि वह हेरोइन पीने का आदी है. उसने महंगी हेरोइन बड़ी मात्रा में खरीदकर रखी थी, जिसे वह अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर युवा पीढ़ी को बेचता था. मुनाफे के पैसों से वह अपने नशे की पूर्ति करता था.सारनाथ पुलिस ने आज दोपहर चिकित्सकीय परीक्षण के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी पंकज कुमार त्रिपाठी, चौकी प्रभारी पुराना पुल अनुज कुमार शुक्ला, सब इंस्पेक्टर अमरजीत कुमार, हेड कांस्टेबल दिलीप यादव, पंकज सिंह और कांस्टेबल सुमित कुमार सिंह शामिल थे.