अलग-अलग तालाबों में मिले महिला और अधेड़ व्यक्ति के शव, जाँच में जुटी पुलिस

वाराणसी - मिर्जामुराद थाना क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह अलग-अलग तालाबों में महिला समेत दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई. पुलिस के अनुसार भिखारीपुर गांव में एक विवाहिता का शव तालाब में उतराया हुआ पाया गया. विवाहिता की पहचान भिखारीपुर निवासी प्रज्ञा सिंह पत्नी अनुराग सिंह के रूप में हुई है. वह पिछले दो दिनों से लापता थीं और परिजन लगातार उनकी तलाश कर रहे थे. सुबह गांव की एक महिला ने तालाब में शव देखा, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकवाया. पुलिस ने मृतका की पहचान प्रज्ञा सिंह के रूप में की. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
पुलिस ने आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों और अन्य विवरणों का पता चल पाएगा.

अधेड़ व्यक्ति के शव की नहीं हो सकी पहचान
ALSO READ : काशी में तुलसीघाट पर कल उतरेगा द्वापर युग, नाग नथैया लीला में होगा कालिय का मर्दन
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के ठठरा गांव स्थित जिओ पेट्रोल पंप के पीछे शुक्रवार की सुबह एक तालाब में अधेड़ व्यक्ति का शव मिला. शव की जानकारी सबसे पहले पेट्रोल पंप के पास पहुंचे एक व्यक्ति को मिली. उसने तालाब से आ रही तेज दुर्गन्ध महसूस की और झांककर देखा तो तालाब में शव उतराया हुआ था.
सूचना मिलने पर मिर्जामुराद पुलिस और फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची. शुरुआती मुआयने में पता चला कि शव पानी में काफी देर तक डूबा रहा था, जिससे शरीर फूल चुका था और पूरी तरह सड़ा हुआ था. स्थानीय लोग पानी में उतरने से हिचकिचा रहे थे, जिसके करीब एक घंटे बाद वाराणसी शहर से गोताखोर बुलाए गए और उन्होंने शव को बाहर निकाला गया. पुलिस का अनुमान है कि मृतक की उम्र लगभग 50 से 55 वर्ष के बीच होगी. शरीर पर नीले रंग का कुर्ता और नीचे लूंगी लपेटी हुई थी. जेब में गुटखा और तंबाकू मिला, लेकिन कोई पहचान पत्र नहीं मिला. पुलिस का अनुमान है कि शव तीन से चार दिन पुराना हो सकता है. पुलिस ने आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू कर दी गई है।


