खेत की ओर निकली महिला का गोमती नदी में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी : चौबेपुर थाना क्षेत्र के धरहरा में खेत की ओर निकली एक महिला का शव बुधवार को गोमती नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. शव देखते ही ग्रामीणों में चीख-पुकार मच गई, क्योंकि मृतका गांव की बुजुर्ग महिला निकली, जो मानसिक रूप से विक्षिप्त थी. सूचना मिलते ही परिवार के लोग अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए, लेकिन इसी बीच किसी ग्रामीण ने स्थानीय चौकी पर इसकी सूचना दी. सूचना के बाद चौकी इंचार्ज पवन राय मौके पर पहुँचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
जानकारी के अनुसार, धरहरा गांव निवासी शीला देवी पति भैया लाल प्रतिदिन की तरह सुबह घर से खेत की ओर निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल सका. इस बीच जब ग्रामीण नदी किनारे गए तो उन्होंने शव को पानी में उतराया देखा. तुरंत परिजनों को इसकी सूचना दी गई. पुलिस ने शव की पहचान के बाद उसे कब्जे में लिया. फिलहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्टीकरण हो पाएगा. पुलिस ने बताया कि मामले की हर पहलू से जाँच की जा रही है.
ALSO READ : आर्य महिला कॉलेज में गूंजा राष्ट्रप्रेम, छात्राओं ने तिरंगा थाम लिया देशभक्ति का संकल्प
वरुणा नदी में युवक डूबा, तलाश जारी
शिवपुर के पिसौर में राम-जानकी मंदिर के पास मंगलवार शाम वरुणा नदी में नहाने गया जहांगीर गहरे पानी में जाने से डूब गया. पुलिस और ग्रामीणों ने देर शाम तक उसकी तलाश की, लेकिन तेज बहाव और अधिक जलस्तर के कारण सफलता नहीं मिली. एनडीआरएफ की टीम सर्च ऑपरेशन चला रही है. जहांगीर मंगलवार शाम पांच बजे नदी में नहाते समय अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा. पास में मछली पकड़ रहे एक ग्रामीण ने उसे डूबता देखकर शोर मचाया और गांव के लोगों को सूचना दी. डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी गई. जहांगीर सैलून में काम करता है. पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था. पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी है.



