काशी विश्वनाथ के आसपास की गलियों में सफाई पर रहेगी कैमरों की नजर

वाराणसी: श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के आसपास की गलियों में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर निगम अब तकनीक का सहारा लेने जा रहा है. कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों पर कैमरे लगाए जाएंगे, जिससे यह निगरानी की जा सकेगी कि सफाईकर्मी निर्धारित स्थानों से कूड़ा उठा रहे हैं या नहीं. साथ ही सड़कों और गलियों में कूड़ा फेंकने वालों पर भी नजर रखी जाएगी.
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार, स्वच्छ और सुंदर काशी की व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की जा रही है. पहले चरण में पांच वार्डों को चुना गया है. इनमें कालभैरव, दशाश्वमेध, बंगाली टोला, शिवाला और नगवा वार्ड शामिल हैं, इन क्षेत्रों में कूड़ा उठाने और सफाई व्यवस्था को तकनीक से जोड़ा जाएगा.
योजना के तहत कूड़ा उठाने वाले वाहनों की गतिविधियों पर कैमरों के जरिए नजर रखी जाएगी, इससे यह पता लगाने में आसानी होगी कि वाहन तय रूट पर पहुंच रहे हैं या नहीं और निर्धारित स्थानों से कूड़ा उठाया जा रहा है या नहीं, सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा फेंकने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी है.
नगर निगम ने इन इलाकों में हर 500 मीटर पर बीट मैप तैयार किया है. इसके आधार पर सफाई कर्मचारियों की तैनाती और उनके काम की निगरानी की जाएगी, आगे चलकर इस व्यवस्था को शहर के सभी 100 वार्डों तक विस्तार देने की योजना है.
ALSO READ:सदियों पुराना विलुप्त खेल फिर दिखा, मंत्रों के जरिए तांत्रिक खिलाड़ियों ने दिखाया अद्भुत खेल
सफाई व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों से भी फीडबैक लिया जाएगा, इसके लिए संबंधित इलाकों में रहने वाले लोगों के मोबाइल नंबर जुटाए जा रहे हैं, लोगों से सफाई की स्थिति और कूड़ा उठान को लेकर जानकारी ली जाएगी, इससे शिकायत मिलने पर संबंधित क्षेत्र में तत्काल सुधार कराया जा सकेगा.
नगर निगम का मानना है कि मंदिर क्षेत्र और आसपास की संकरी गलियों में सफाई व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने से निगरानी आसान होगी और कूड़ा उठाने की व्यवस्था में भी सुधार आएगा, पायलट प्रोजेक्ट के परिणाम के आधार पर इसे पूरे शहर में लागू किया जाएगा.



