ज्ञानवापी सुरक्षा में तैनात महिला पुलिसकर्मी से मारपीट, नेम प्लेट खींचा, पहचान पत्र छीना, मां-बेटी पर केस

वाराणसी: ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिसकर्मी से मारपीट और पहचान पत्र छीनने का प्रयास किए जाने की घटना से अफरा तफरी मच गई. घटना रविवार दोपहर पश्चिमी डी गेट पर हुई. महिला आरक्षी की तहरीर पर सोमवार को चौक थाने में मिर्जापुर के राजगढ़ थाना क्षेत्र के बंगालीपुर निवासी प्रियंका और उनकी बेटी कृतिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
महिला सिपाही चांदनी ने पुलिस को बताया कि वह ज्ञानवापी परिसर की सुरक्षा व्यवस्था के तहत पश्चिमी डी गेट पर ड्यूटी कर रही थीं. दोपहर करीब 12:45 बजे चेकिंग के दौरान दो महिलाएं गेट पर पहुंचीं. जांच में उनके पास मोबाइल फोन और अन्य प्रतिबंधित सामान मिला. इस पर उन्हें प्रतिबंधित सामान बाहर जमा करके दोबारा आने की हिदायत दी गई. महिला आरक्षी के अनुसार, दोनों महिलाएं सामान जमा करने के बाद दोबारा गेट पर पहुंचीं. इस दौरान आरोपी महिला की बेटी कृतिका ने चेकिंग को लेकर बहस शुरू कर दी. कहासुनी के दौरान चांदनी ने बीच-बचाव करते हुए दोनों को शांत रहने और व्यवस्था का पालन करते हुए दर्शन करने की सलाह दी. आरोप है कि इसके बाद दोनों मां-बेटी उग्र हो गईं और महिला आरक्षी के साथ हाथापाई करने लगीं.
तहरीर के मुताबिक, आरोपी महिलाओं ने महिला सिपाही की नेम प्लेट का पट्टा खींचकर तोड़ दिया. इसके बाद पहचान पत्र लेकर भागने का प्रयास किया गया. चांदनी ने जब अपना पहचान पत्र वापस लेने की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके बाल खींचे और मारपीट की. घटना में महिला आरक्षी के शरीर के कई हिस्सों में चोटें आईं. मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया. चौक इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्रियंका और कृतिका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है.
ALSO READ :एलआईसी में निवेश के नाम पर 39 लाख रुपये की धोखाधड़ी, पैसा मांगने पर कहा - 'कंपनी भाग गई है'



