वनिता पब्लिक स्कूल में बच्चों ने समझा पर्यावरण संरक्षण का महत्व....

वाराणसी:वनिता पब्लिक स्कूल में शनिवार को विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और गंगा स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। 137 सीईटीएफ 39 जीआर गंगा टास्क फोर्स और नमामि गंगे गंगा विचार मंच की ओर से हुए आयोजन में बच्चों से प्रकृति और मां गंगा से जुड़े सवाल पूछकर उनकी जानकारी को परखा गया।

कार्यक्रम के दौरान गंगा टास्क फोर्स के सूबेदार धनेश यादव ने विद्यार्थियों को टास्क फोर्स की भूमिका और गंगा संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। इसके बाद नमामि गंगे गंगा विचार मंच के जिला संयोजक शिवम अग्रहरि ने बच्चों से गंगा से संबंधित सवाल किए। सही जवाब देने वाले विद्यार्थियों को टी-शर्ट, कैप और पौधे देकर प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम में नेपाल में हुई त्रासदी में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि दी गई। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की। इसके बाद ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः’ के पाठ के साथ सभी के सुख और शांति की कामना की गई।
ALSO READ:सरकारी स्कूलों में हर शनिवार बैगलेस डे, व्यावहारिक और कौशल ज्ञान से जुड़ेंगे छात्र....
पर्यावरण संरक्षण को व्यवहार से जोड़ते हुए विद्यालय परिसर में हल्दी, पत्थरचट्टा और लेमन ग्रास जैसे औषधीय पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों को भी पौधों की देखभाल और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
प्रधानाचार्या डॉ आभा सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि बच्चों की आदत और जिम्मेदारी का हिस्सा बनना चाहिए। विद्यालय की ओर से ऐसे प्रयासों में आगे भी सहयोग किया जाएगा।
आयोजन में सहायक प्राचार्य डॉ अमिता वर्मा के साथ रंभा पांडेय, जय विश्वकर्मा, चारुशीला सिन्हा, सपना वर्मा, सुरेंद्र, रिंकू सहित विद्यालय के शिक्षक और कर्मचारी मौजूद रहे।



