चोबेपुर में सड़क हादसे में कांवरिए की मौत, परिवार में मातम

वाराणसी : चौबपुर थाना क्षेत्र के कैथी टोल प्लाजा के समीप सोमवार भोर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. जल चढ़ाकर वापस लौट रहे एक कांवरिया को अज्ञात दोपहिया वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद साथियों व अन्य लोगों ने तुरंत उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नरपतपुर पहुँचाया, जहाँ चिकित्सकों ने जाँच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रशांत ने जनवार्ता प्रतिनिधि को बताया कि मृतक कांवरिया की पहचान संदीप गुप्ता (पुत्र गुलाब गुप्ता), उम्र 17 वर्ष, निवासी गाँव परसौर, थाना देवगाँव, जिला आज़मगढ़ के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
ALSO READ : नौकरी दिलाने के नाम पर 8 लाख की ठगी, 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार.
हादसे के बाद पुलिस की सक्रियता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं. परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है. पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है और फरार वाहन चालक की तलाश की जा रही है. मृतक के परिजनों द्वारा थाना चौबेपुर पर लिखित प्रार्थना पत्र दिया गया है. प्रार्थना पत्र के आधार पर नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है. क्षेत्र में शान्ति व्यवस्था कायम है. अग्रिम सूचना से अवगत कराया जाएगा.



