'जनता दर्शन' में सीएम योगी ने सुनी फरियादियों की शिकायतें

गोरखनाथ मंदिर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन सभागार में आज शनिवार को 'जनता दर्शन' आयोजित हुआ. इस दौरान कई जनपदों से आए करीब 250 से ज्यादा लोगों की यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फरियादों को सुना और कहा कि, किसी को भी घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आप सभी की परेशानियों का जल्द ही निवारण कराये जाने की कार्रवाई की जाएगी.
महिला ने सीएम योगी को सुनाई आपबीती
दरअसल, 'जनता दर्शन' में आई एक महिला ने सीएम योगी से अपनी आपबीती सुनाई. जहां पीड़ित महिला ने रोते-बिलखते हुए बताया कि उसके परिवार के एक सदस्य को विदेश भेजने के नाम पर एजेंट ने नौकरी देने के बजाय उससे हजारों रूपये की ठगी की. जिसे गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने पुलिस अधिकारियों को विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पीड़िता का पैसा दिलाने के निर्देश दिए है. जनता की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने जल्द ही निस्तारण करने पर जोर दिया, ताकि फिर किसी के भी साथ इस तरह की धोखाधड़ी ना हो और हर किसी को न्याय मिल सके.

"मनगढ़त बातों में ना फंसे तो बेहतर होगा"
इन शिकायतों के बीच सीएम योगी ने पीड़िता को समझाते हुए यह कहा कि विदेश जाने के नाम पर किसी की मनगढ़त बातों में ना ही फंसे तो बेहतर होगा. वहीं सीएम योगी ने इस धोखाधड़ी मामले की जांच का आदेश देते हुए पुलिस अधिकारियों से किसी भी तरह की लापरवाही ना करने की हिदायत भी दी है. साथ ही जल्द से जल्द इस मामले में एक बड़ी कार्रवाई करने की बात कही है.

