डेटिंग एप से दोस्ती पड़ी महंगी, अपहरण कर पीटने और 20 हजार लूटने का आरोप

वाराणसी : डेटिंंग एप के माध्यम से दोस्ती खतरे काे भी न्यौता दे सकता है. जी हां एक ऐसा गिरोह सक्रिय है जो डेटिंंग एप के नाम से मिलने के नाम पर बुलाकर अपहरण और लूट जैसी संगीन घटना को अंजाम दे रहा है. ऐसा ही मामला कपसेठी से सामने आया है, जहां एक भदोही के युवक को बुलाकर मारपीट और लूट लेने का आरोप लगा है. कपसेठी थाना क्षेत्र के इसरवार गांव में डेटिंग ऐप के माध्यम से दोस्ती कर झांसे में लेने और फिर ब्लैकमेलिंग कर ऑनलाइन पैसे ऐंठने का एक गंभीर मामला सामने आने के बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है. एक युवक को मिलने के बहाने बुलाकर बंधक बनाया गया, मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी देकर उससे 20,000 रुपये वसूल केए गए. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है.
भदोही जिले के चौरी थानांतर्गत ग्राम माधोरामपुर के निवासी प्रेम कुमार मौर्या ने इस बाबत तहरीर दी है. उन्होंने बताया कि अपने मोबाइल में ग्राइंडर एप डाउनलोड किया था. एप पर 'Hey' नाम की आईडी के यूजर ने उन्हें लगातार मैसेज करके मिलने के लिए बुलाया. गत 10 अगस्त 2026 को झांसे में आकर पीड़ित चौरी बाजार मिलने पहुंचा. बताया कि वहां से आरोपी पीड़ित को अपनी बाइक पर बैठाकर कपसेठी थाना क्षेत्र स्थित ग्राम इसरवार ले गया. आरोपी उसे श्मशान घाट के पास बने एक सुनसान कमरे में ले गया और अंदर बंद कर दिया. कमरे में बंद करने के कुछ ही देर बाद 3-4 अन्य लोग वहां पहुंचे और दरवाजा खुलवाया. दरवाजा खुलते ही सभी लोगों ने पीड़ित के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए 20 हजार रुपये की मांग की.
ALSO READ : वाराणसी में कार ने कांवड़ियों को मारी टक्कर, एक की मौत, तीन घायल
घटना के दौरान आरोपी एक-दूसरे को 'नितिन' नाम से संबोधित कर रहे थे. डर के मारे पीड़ित ने अपने परिजनों से अपने बैंक खाते में पैसे मंगाए. इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित का मोबाइल छीनकर 3-4 बार में कुल 20,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करवा लिए और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मोबाइल को फॉर्मेट कर दिया. धमकी देकर पीड़ित को छोड़ दिया गया. पैसे ट्रांसफर करने के बाद दो आरोपी पीड़ित को बाइक पर बैठाकर कालिका धाम मंदिर के पास छोड़ गए और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी. लोक-लाज के डर से पीड़ित ने शुरुआत में किसी से कुछ नहीं कहा, लेकिन बाद में हिम्मत जुटाकर 15 अगस्त 2026 को दोपहर बाद कपसेठी थाने में तहरीर दी. कपसेठी थानाध्यक्ष विकास मौर्य ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है.



