वाराणसी के कांशीराम आवास में जर्जर छज्जा टूट कर गिरा, मजूदर की मौत...

वाराणसी : शिवपुर थाना क्षेत्र स्थित पुराने कांशीराम आवास योजना में गुरुवार शाम जर्जर छज्जा टूटने से 52 वर्षीय मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे के बाद उसे इलाज के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान रात उसकी मौत हो गई. घटना के बाद परिवार में मातम पसर गया.
पुलिस के अनुसार मृतक शीतल उर्फ शतालू (52) पुराने कांशीराम आवास के ब्लॉक नंबर 61, कमरा नंबर 11 का निवासी था. वह मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था. शाम करीब 5:30 बजे वह कपड़े सुखाने के लिए छत पर गया था. इसी दौरान तीसरे तल का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया. छज्जा टूटने से शीतल नीचे दूसरे तल पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया. हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए. स्थानीय लोगों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया. डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन करीब तीन घंटे बाद उसकी हालत बिगड़ गई और रात 8:30 बजे के आसपास उसकी मौत हो गई.
ALSO READ : वाराणसी में दिनदहाड़े बैंक अधिकारी से लूट, बाइक सवार बदमाश मोबाइल छीन कर भागे...
शीतल की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. मृतक के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं. हादसे के बाद कांशीराम आवास योजना के जर्जर भवनों को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है. लोगों का कहना है कि आवास परिसर में कई भवनों के छज्जे और अन्य हिस्से लंबे समय से जर्जर हैं. इसके बावजूद उनकी मरम्मत और सुरक्षा को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं. स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से कांशीराम आवास योजना के सभी जर्जर भवनों, छज्जों और अन्य हिस्सों का तत्काल निरीक्षण कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में भी इस तरह के हादसे हो सकते हैं. सूचना मिलने पर शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई. पुलिस मामले की आवश्यक जांच कर रही है.



